पैसाें के लेनदेन के विवाद में दिनदहाड़े युवक को गोली मारने वाले बदमाशों से पुलिस की आधी रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने हिरासत में लेकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
महेशगंज थाना क्षेत्र के अन्नावा निवासी पिंटू सरोज का लेनदेन का विवाद उसके रिश्तेदार बाघराय के त्रिलोकपुर निवासी सुनील कुमार उर्फ मोनू से था। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। जिस पर सुनील और अपने कुछ साथियों के साथ कार से बृहस्पतिवार की शाम को अन्नावा गांव के पास सड़क पर पहुंचा और पिंटू को फोन करके मौके पर बुलाया।
पिंटू अपने साथियों के पहुंचा तो सुनील उर्फ मोनू के साथ आए लोगों ने उसके साथ मारपीट की और कई राउंड फायरिंग की। जिससे उसके पिंटू के पैर में गोली लग गई। बाद में बदमाश कार से फरार हो गए थे। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसओ महेशगंज मुकेश सिंह और पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में लग गई।
इस दौरान बृहस्पतिवार की रात पुलिस टीम को सूचना मिली कि बदमाश बाघराय थाना क्षेत्र के लोसनापुर ग्राउंड के पास आने वाले हैं। इस दौरान पुलिस ने एक कार को रोका तो उसमें सवार बदमाश फायरिंग करने लगे। जिस पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश वीरेंद्र यादव निवासी थरिया थाना सांगीपुर के पैर में गोली लग गई। जबकि सुनील, इमरान समेत अन्य बदमाश मौके से भाग निकले।
घायल बदमाश को बाघराय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बदमाश से हुई मुठभेड़ में बाघराय की पुलिस टीम और जिले की स्वाट टीम भी शामिल रही है। घायल बदमाश वीरेंद्र यादव मूलतः अमेठी जिले का रहने वाला है और सांगीपुर के थरिया में रह रहा है। उसके खिलाफ लूट और गैंगस्टर की भी कार्रवाई हो चुकी है। संवाद