मानधाता थाना क्षेत्र के हैंसी चौराहे पर शिवरा के सपा बूथ प्रभारी मोहम्मद शमीम के हत्यारोपियों से मंगलवार भोर में पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एक आरोपी सुहैल उर्फ फुल्ले के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया।
थाना मानधाता के निरंकारी भवन ग्राम शिवरा के पास पुलिस से हुई मुठभेड़ में एक बदमाश फुल्लू उर्फ सुहैल पुत्र जुबैर के दाहिने पैर में गोली लगी। एक अन्य अभियुक्त दिलशाद पुत्र जुबैर को गिरफ्तार किया गया।
सपा बूथ प्रभारी शमीम का पड़ोसियों से हत्या के मामले में रंजिश चल रही थी। पिता की हत्या का बदला लेने के लिए 26 दिसंबर को शमीम की हैंसी चौराहे के करीब गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के बेटे समीर की तहरीर पर पुलिस पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में दबिश देने लगी।
मंगलवार भोर में निरंकारी भवन शिवरा के आसपास हत्यारोपियों के आने की भनक मिलने पर स्वाट टीम प्रभारी सुनील यादव और मानधाता थानाध्यक्ष सुभाष यादव उनकी घेराबंदी करने पहुंचे। पुलिस से घिरा देख शिवरा निवासी हत्यारोपी सुहैल उर्फ फुल्लू व दिलशाद फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सुहैल उर्फ फुल्लू के दाहिने पैर में गोली लगी।
पुलिस टीम ने भाग रहे दूसरे आरोपी दिलशाद को पकड़ लिया। पुलिस की गोली से घायल सुहैल को मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्रयागराज एसआरएन रेफर कर दिया। सुहैल के पास से तमंचा, कारतूस व दिलशाद के पास से पिस्टल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई।
एएसपी पूर्वी दुर्गेश सिंह ने बताया कि पिता की हत्या का बदला लेने के लिए आरोपियों ने शमीम की हत्या की है। सुहैल का उपचार चल रहा है। जबकि दिलशाद को जेल भेजा जा रहा है।