अयोध्या के कैब चालक की हत्या कर कार लूटने वाले बदमाशों को खोजने में पांच दिन बाद भी पुलिस नाकाम रही। बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस ने अयोध्या में डेरा डाल रखा है। हालांकि न तो अभी लूटी गई कार का कुछ पता चला और न ही बदमाशों का।
लखनऊ के चारबाग से प्रतापगढ़ के लिए तीन बदमाश 31 अक्तूबर को अयोध्या के रहने वाले कैब चालक मोहम्मद जफर की कार बुक कराई। सुल्तानपुर में चालक की हत्या करने के बाद शव देहात कोतवाली के सरायसागर के पास फेंक दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में लखनऊ से लेकर विश्वनाथगंज तक खोजबीन करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही। पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। तीन दिन से पुलिस की एक टीम अयोध्या में डेरा जमाए है। घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की कार लेकर अयोध्या की ओर जाते समय लोकेशन मिली है। दूसरी ओर मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या व लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया। एएसपी पूर्वी दुर्गेश सिंह का कहना है कि बदमाशों की तलाश में टीम लगी है। उम्मीद है कि जल्द ही बदमाश हवालात में होंगे।