नगर कोतवाली के कांशीराम कॉलोनी जोगापुर में ज्योति की हत्या से आक्रोशित परिजन बुधवार को पूरे केशवराय में जाम लगाने का प्रयास किए। इसी के साथ पुलिस पर आरोप लगाए। घटना के दूसरे दिन भी हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर रहा।
कांशीराम कॉलोनी जोगापुर निवासी नंदीलाल की बेटी ज्योति की मंगलवार दोपहर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के मामले में पुलिस ने महिला के पिता की तहरीर पर आरोपी कादिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हत्यारोपी की तलाश में पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दी लेकिन उसका पता नहीं चला। बुधवार को पोस्टमार्टम के दौरान दिल्ली से पहुंचे महिला के पति जोगेंद्र पुलिस पर आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि चार माह पहले भी आरोपी ने उसकी पत्नी पर हमला किया था।
मंगलवार को भी मारपीट के बाद पुलिस पहुंची लेकिन कार्रवाई नहीं की। पुलिस की लापरवाही से उसकी पत्नी की जान चली गई। हंगामे की खबर मिलने पर नगर कोतवाल आनंद पाल, सीओ सिटी शिवनारायण साहू मौके पर पहुंचे। परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। आरोप लगाया कि पुलिस ने मनमानी कर तहरीर लिखवा ली। अभी तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सका। इस बीच परिजन मॉर्चरी के बाहर जाम लगाने की कोशिश करने लगे।
जिन्हें पुलिस ने किसी तरह किनारे किया। इस बीच पहुंचे विहिप नेता मनोज मिश्रा ने पुलिस अफसरों के साथ परिजनों से बात कर मामले का पटाक्षेप कराया। बेल्हा देवी के करीब सई नदी घाट पर अंतिम संस्कार होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। नगर कोतवाल आनंद पाल ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।