जौनपुर के रास्ते शहर की तरफ आ रहे गांजा लदे कंटेनर को पुलिस ने फतनपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी मोड़ पर पकड़ा। कंटेनर में सवार तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 2.21 क्विंटल गांजे की कीमत एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कंटेनर के शहर में प्रवेश करने की भनक बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे एसओजी टीम को लगी। एसओजी टीम ने फतनपुर पुलिस को सूचित किया। फतनपुर पुलिस ने सुवंसा इलाके में घेराबंदी शुरू कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान कंटेनर को पकड़ा। ट्रक सवार बदमाश भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस टीम ने ट्रक सवार तीन आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया।
फतनपुर पुलिस और एसओजी टीम के संयुक्त प्रयास से कंधई थाना क्षेत्र के जाफरपुर निवासी मो. अरबाज, कठार मधुपुर निवासी शोएब मलिक, मंदाह के मो. वासिर के खिलाफ कार्रवाई की गई।
ओडिशा से हो रही गांजा की तस्करी
ओडिशा के विशाखापट्टनम से गांजा की आपूर्ति जनपद में की जा रही है। भारी मात्रा में गांजे के खेप को तस्कर गोरखपुर, जौनपुर सहित आसपास के जिलों में सप्लाई करते हैं। करीब एक साल पहले फतनपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी मोड़ से पकड़े गए कंटेनर पर भी ओडिशा का ही मादक पदार्थ लदा था। इसके पूर्व कंधई पुलिस और स्वाट टीम ने नारायणपुर गांव से ओडिशा से आ रहे कंटेनर लदा ढ़ाई क्विंटल गांजा बरामद किया था।
वर्जन
गांजा लदे कंटेनर को फतनपुर इलाके से कब्जे में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से मादक पदार्थ की तस्करी के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
आलोक कुमार, एएसपी पूर्वी