शहर के अष्टभुजा नगर सगरा में अतिक्रमण हटाने के दौरान दरोगा राजेश राय से मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। मारपीट करने वाली मां और उसके बेटों का पुलिस ने चालान कर दिया।
अष्टभुजा नगर सगरा में नगर पालिका टीम पुलिस फोर्स के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। जेसीबी से दीवार गिराने के दौरान एक युवक वीडियो बनाने लगा। दरोगा राजेश राय ने युवक से मोबाइल छीन लिया। इस बात को लेकर दरोगा से युवक और उसके घर वाले भिड़ गए। मारपीट में दरोगा राजेश राय घायल हो गए। बुधवार को हुई मारपीट के बाद दरोगा का मेडिकल परीक्षण कराया गया। तहरीर पर पुलिस ने एक महिला और उसके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सीय जांच के दौरान महिला बेहोश हो गई। हालांकि चिकित्सकों ने उपचार कर उसके स्वास्थ्य में सुधार किया। मेडिकल परीक्षण होने के बाद पुलिस तीनों कोतवाली ले गई।
मां और बेटों को भी लगी चोट
मेडिकल कॉलेज में हुए चिकित्सीय परीक्षण में महिला और उसके दोनों बेटों को भी गंभीर चोट लगने की पुष्टि की गई है। सगरा निवासी उत्कर्ष पाल और उसके मां व भाई के शरीर पर चोट के निशान बने हुए थे। मारपीट में तीसरा आरोपी बाल अपचारी है।