लूट के 13 मोबाइल व बाइक बरामद, दो तमंचा भी मिला
कंधई व नगर कोतवाली क्षेत्र में शाम को अंजाम देते थे वारदात
किशुनगंज। राहगीरों से लूट व छिनैती करने वाले चार बदमाशों को स्वॉट टीम ने दबोच लिया। जबकि एक भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए बदमाशों के पास से 13 लूट के मोबाइल व एक चोरी की बाइक और तमंचे मिले। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
सीओ क्राइम आलोक सिंह के नेतृत्व में चार दिन पहले स्वॉट टीम व कंधई पुलिस ने चिलबिला से कुछ बदमाशों की धरपकड़ की थी। पूछताछ के बाद सभी को कंधई पुलिस के हवाले कर दिया गया था। रविवार को कंधई थाने पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि नगर कोतवाली व कंधई थाना क्षेत्र के सुनसान इलाकों में कुछ दिनों से मोबाइल व रुपये छिनैती की घटनाएं बढ़ गई थी। पुलिस की गिरफ्त में आए चार बदमाशों के पास से 13 लूट के मोबाइल, चोरी की एक अपाचे बाइक, दो तमंचा कारतूस के साथ ही घटना में प्रयुक्त पल्सर बरामद हुई है। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि उन लोगों ने गत दिनों खीरीबीर घाट पर बिजली मैकेनिक शेषमणि पांडेय से रुपये व मोबाइल लूटा था। जो उनके पास से मिल भी गया।
सीओ पट्टी रमेशचंद्र ने बताया कि पकड़े गए आदित्य कुमार पुत्र बालमुकुंद निवासी चिलबिला चौराहा, जावेद पुत्र खालिक निवासी फेनहा थाना कंधई, सहबान पुत्र शब्बीर निवासी चिलबिला व परवेज पुत्र शरीफ निवासी चिलबिला रेलवे क्रासिंग को जेल भेजा जा रहा है। बदमाशों के फरार साथी राजू मौर्या पुत्र अज्ञात निवासी चिलबिला की तलाश की जा रही है।
परदेसी को जहरखुरानों ने बनाया शिकार
रखहा। दिल्ली से घर लाट रहे परदेसी को जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। कंधई थाना क्षेत्र के तिगुड़ी निवासी जगदीश कुमार पटेल (28) पुत्र राम बहादुर दिल्ली में काम करता है। वह शनिवार को पद्मावत एक्सप्रेस से अपने घर आ रहा था। अमेठी के पास उसे जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। उसके पास से 5 हजार रुपये व मोबाइल लेकर बदमाश भाग निकले। पीड़ित युवक को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। वह दवा लेने के लिए घर आ रहा था।
फायरिंग करने वाला फरार, मारपीट करने वाले पुलिस के हत्थे चढ़े
प्रतापगढ़। भाजपा नेता के बेटे के साथ मारपीट कर फायरिंग करने वाला आरोपी अभी भी फरार है। जबकि मारपीट में शामिल तीन लोगों को पुलिस ने दबोच लिया। जिन्हें छुड़ाने के लिए कोतवाली में पंचायत होती रही। नगर कोतवाली के विवेक नगर निवासी भाजपा नेता बृजेश पांडेय के बेटे के ऊपर कुछ दिन पहले हमला हुआ था। आरोपी अभिनव तिवारी ने लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की थी। वह घर छोड़कर फरार है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार की रात तीन आरोपी कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े। सभी से पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस भागदौड़ करने लगी। रविवार को मारपीट के आरोपियों को छुड़ाने के लिए कोतवाली में लोगों का जमघट लगा रहा। सत्ता पक्ष के नेता भी समझौता कराने का प्रयास कर रहे थे। नगर कोतवाल ने बताया कि प्रकरण में कुछ लड़कों को लाया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।