प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जिले के करीब 12,745 पात्रों को ही पक्का मकान मिलेगा। योजना के मानक पर खरे नहीं उतरने वाले करीब 7,184 आवेदन पत्र पहले ही निरस्त कर चुके हैं।
शहर के फुटपाथ पर रहने वाले लोग प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने का सपना भले ही देख रहे हैं। मगर वह जल्दी पूरा होने वाला नहीं है। पात्रों को आवास मिलने में तरह-तरह की बाधाएं आ रही हैं। शहर और टाउन एरिया में कुल 22,042 आवेदन प्राप्त हुए थे। घर-घर हुए सत्यापन में 7,184 अभ्यर्थियों के मानक पर खरे नहीं उतरने के कारण आवेदन निरस्त कर दिया गया। चालू वित्तीय वर्ष में शहर और छह टाउन एरिया में तकरीबन 12,745 पात्रों को ही आवास देने का मसौदा तैयार किया गया है। हालांकि अभी तक यह निश्चिय नहीं हो पाया है कि आवास का निर्माण कहां कराया जाएगा। फिलहाल सरकार के इस फैसले से जिले के 2,584 पात्रों को झटका लगेगा। गरीबी का दंश झेल रहे इन परिवारों को अभी चिंहित नहीं किया गया है। मगर विभागीय लोगों का मानना है कि मानक पर खरे उतरने वाले लोगों को अगले चरण में शामिल किया जाएगा। नगरीय विकास अभिकरण के पीओ प्रभात मिश्रा ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 12,745 पात्रों को आवास मुहैया कराने की कवायद प्रारंभ कर दी गई है। स्थल का चयन किया जा रहा है। जो पात्र इस वर्ष योजना के लाभ से वंचित रह जाएंगे उन्हें अगले वर्ष शामिल किया जाएगा।