वाराणसी-लखनऊ रेलमार्ग पर पड़ने वाले दांदूपुर और पृथ्वीगंज रेलवे स्टेशन की सूरत बदलने वाली है। दांदूपुर स्टेशन पर एक और प्लेटफार्म बनेगा, वहीं पृथ्वीगंज और जगेशरगंज रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण मार्च के पहले शुरू हो जाएगा। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
लखनऊ-वाराणसी रेलमार्ग पर पड़ने वाला रानीगंज तहसील के दांदूपुर रेलवे स्टेशन पर महज एक प्लेटफार्म है। जबकि इस स्टेशन से होकर दर्जनों ट्रेनों का आवागमन बना रहता है। फुटओवरब्रिज का निर्माण न होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। वर्षों पुराने इस स्टेशन के भवन भी जर्जर हो गए हैं। अब तक इस स्टेशन की ओर न तो जनप्रतिनिधियों का ध्यान पड़ रहा था और न ही रेलवे के अफसरों का।
इससे रानीगंज तहसील क्षेत्र के लोगों को परेशान होना पड़ता था। अव्यवस्था के चलते महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव इस स्टेशन पर नहीं किया गया है। ऐसे में यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए प्रतापगढ़ या फिर जंघई जंक्शन का चक्कर काटना पड़ता था। रेलवे के अफसरों ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने दांदूपुर रेलवे स्टेशन का विस्तार करने के लिए नक्शा तैयार करने के लिए आदेश दिया है।
बताया जा रहा है कि पुराने भवन को जहां तोड़ा जाएगा वहीं एक और प्लेटफार्म के साथ लूप लाइन तैयार की जाएगी। इसके साथ ही यात्रियों के सहूलियत के लिए एक फुटओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इसी के साथ ही पृथ्वीगंज और जगेशरगंज रेलवे स्टेशन पर एक-एक फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराने के लिए रेलवे बोर्ड ने मुहर लगा दी है।
दांदूपुर रेलवे स्टेशन का स्वरूप बदलने के लिए प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाने के साथ ही स्टेशन को और सुविधाएं मिलेंगी। एक लूप लाइन के साथ ही प्लेटफार्म का जहां निर्माण होगा वहीं मेन गेट की ओर खाली पड़े रेलवे की जमीन में नए लुक में स्टेशन तैयार किया जाएगा। पृथ्वीगंज के साथ ही जगेशरगंज स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। निहालुद्दीन, एडीईएन।