ससुराल से लौट रहे युवक की बाइक में पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कोतवाली ले आई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के तिलौरी सद्दू का पुरवा गांव निवासी पवन कुमार पटेल (28) पुत्र लालजी पटेल की ससुराल ऊगापुर गांव में है। मंगलवार को वह ससुराल गया था। शाम को वहां से लौट रहा था। करीब छह बजे फूलताली के पास एक लोडर पिकअप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट न पहनने के कारण उसका सिर फट गया। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो पिकअप भी रुक गई। हालांकिे इस दौरान चालक फरार हो गया। लोगों ने पुलिस केा सूचना देते हुए उसे कुंडा सीएचसी में पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसका शव देख बिलख पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कोतवाली ले आई। देर शाम उसका पंचनामा किया जा रहा था।
हृदयगति रुकने से सिपाही की मौत
रानीगंज थाने में तैनात एक सिपाही की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। पुलिस प्रशासन ने इसकी सूचना परिजनों को दी है। मिर्जापुर जिले के जलालपुर गांव निवासी कन्हैयालाल (58) रानीगंज थाने में सिपाही के पद पर तैनात थे। मंगलवार को अचानक उनकी तबियत खराब हो गई। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।