डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय पर 18 सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। सीएम को संबोधित ज्ञापन सीएमओ को सौंपा। जिलाध्यक्ष एके पांडेय ने फार्मासिस्ट का पदनाम फार्मेसी अधिकारी और चीफ फार्मासिस्ट का पदनाम चीफ फार्मेसी अधिकारी किए जाने की मांग की गई है।
फार्मासिस्टों को सीमित औषधियों के लिए नुस्खा लिखने का अधिकार देने, फार्मासिस्ट का ग्रेड पे 4600 और चीफ फार्मासिस्ट का ग्रेड पे 5400 किए जाने की मांग सीएम से की गई है।
एलोपैथिक चिकित्सा अधिकारी की अनुपस्थिति में फार्मासिस्ट को मिलने वाले प्रभार भत्ते को 75 रुपये से बढ़ाकर 750 रुपये, लंबित वरिष्ठता सूची जारी करने, पीएचसी और सीएचसी पर आवश्यकतानुसार पदों का सृजन करने और दवाओं का वितरण केवल फार्मासिस्टों के माध्यम से कराए जाने संबंधी मांग का ज्ञापन सीएमओ को सौंपा गया है।
उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी और विभाग की रीढ़ हैं। इसके बावजूद उनकी जायज मांगें लंबित हैं। उन्होंने चेताया कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 20 नवंबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संचालन जिला मंत्री राकेश यादव ने किया। इस मौके पर उदय राज सिंह, संदीप श्रीवास्तव, हरिशंकर सिंह, संदीप सिंह, मान सिंह यादव, बृज किशोर श्रीवास्तव, रंजीत यादव, मदन सिंह, अश्वनी श्रीवास्तव, संतोष यादव, राजेंद्र यादव, कैलाश नाथ मौजूद रहे।