विश्व कप में भारत-पाक मैच को लेकर गली मोहल्लों के साथ ही दुकानों पर भी सट्टा लगा। खिलाडिय़ों के रन बनाने व विकेट लेने पर भी लोगों ने दांव लगाया। सटोरियों के सट्टा लगाने की जानकारी के बाद भी पुलिस उन तक नहीं पहुंच सकी।
भारत-पाक के बीच क्रिकेट मैच को लेकर सट्टा बाजार का भी माहौल गरमाया रहा। मैच शुरू होने से पहले ही सटोरिए स्टेशन रोड, श्याम बिहारी गली, बाबागंज, चिलबिला, महुली, मीराभवन, सिप्तैन रोड, जेल रोड अचलपुर, चौक घंटाघर, फलमंडी इलाके में सक्रिय रहे। भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा, विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी के रन बनाने पर सटोरियों ने दांव लगाया।
गेंदबाजी करने वाले पाकिस्तान के खिलाड़ी आमिर पर भी विकेट लेने का दांव लगाया गया। भारत-पाक के बीच होने वाले क्रिकेट मैच की हर गेंद पर सटोरियों की निगाह लगी थी। रोहित शर्मा के दोहरा शतक मारने को भी लेकर दांव लगाया था।
फिलहाल पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के खिलाडिय़ों पर दांव लगाने वाले सट्टेबाजों को केवल रोहित ने निराश नहीं किया। इसके अलावा अन्य खिलाडिय़ों ने निराश किया। इस बात को लेकर भी चर्चा होती रही। सट्टे की जानकारी पुलिस को भी थी, लेकिन वह ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने में नाकाम रही।