कारगिल शहीदों को किया नमन
जिलेभर में मनाया गया कारगिल विजय दिवस, आयोजित हुए कार्यक्रम, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिलेभर में शुक्रवार को कारगिल विजय दिवस धूमधाम से मनाया गया। शिक्षण संस्थानों, राजनैतिक दलों, सरकारी व गैर सरकारी सस्थानों द्वारा जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जहां कारगिल विजय में जान की बाजी लगाने वाले देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई, वहीं उनकी जीवनी पर भी प्रकाश डाला गया। इस दौरान वक्ताओं ने देश के जवानों से प्रेरणा लेने पर जोर दिया। जूनियर बार एसोसिएशन पुरातन के पूर्व महामंत्री जयप्रकाश मिश्र व समाजसेवी रोशनलाल ऊमरवैश्य के नेतृत्व में आईटीआई परिसर में स्थित विजय पार्क में कारगिल विजय दिवस मनाया गया। पार्क में स्थित कारगिल युद्ध में शहीद लांस नायक विजय शुक्ल की प्रतिमा पर अधिवक्ताओं एवं युवाओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किया। समाजसेवी रोशनलाल ऊमरवैश्य ने कहा कि देश की सरहद भारतीय सेना के हाथ में सुरक्षित है। भारतीय सेना हर पल चौकन्न्ी रहती है।
जूनियर बार एसोसिएशन पुरातन के पूर्व महामंत्री जेपी मिश्र ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सेना को मुहतोड़ जवाब दिया था। कारगिल युद्ध में देश के शहीद जवानों की शहादत युगों- युगों तक याद की जाएगी। इस अवसरपर प्रदीप शुक्ल, परमानन्द मिश्र, अनिल कुमार विद्यार्थी, शिवेश शुक्ल आदि मौजूद रहे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रतापगढ़ की इकाई, लालगंज, रानीगंज इकाई द्वारा विजय दिवस पर संगोष्ठी, वृक्षारोपण सहित कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए वक्ताओं ने उनकी वीरता को याद किया। इस अवसरपर अजीत सिंह, अनिकेत तिवारी, धीरज यादव, अमन सिंह आदि मौजूद रहे। इसी तरह शहर के तिलक इंटर कालेज में एनसीसी कैडटों द्वारा कारगिल विजय दिवस पर जन जागरूकता रैली निकाली गई। निर्मल चौराहा, घंटाघर व जीआईसी होते हुए कैडटों ने शहर में भ्रमण कर देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान जागरूकता के नारे भी लगाए। इस अवसर पर ले. राकेश कुमार तिवारी, उमेश कुमार, नवल किशोर आदि मौजूद रहे।
बद्रीनाथ सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय सकरौली मादूपुर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कारगिल विजय दिवस पर आयोजित श्रद्धांजिल सभा में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर प्राचार्य डा. तीर्थराज पांडेय, अनूप कुमार सिंह, फौजदार सिंह, चंद्रशेखर शुक्ल, अजय सिंह, प्रताप पाल, शिखा श्रीवास्तव, रवि प्रकाश सिंह, आदि मौजूद रहे। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रवि गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद सुरेंद्र वर्मा के परिजनों का अभिवादन किया। इस दौरान शहीद सुरेंद्र वर्मा के चित्र पर माल्यार्पण किया। पदाधिकारियों ने सदस्यता अभियान पर चर्चा की। इसी तरह सरस्वती शिशु मंदिर चिलबिला में विजय दिवस मनाया गया। प्रबंधक संतोष कुमार, अध्यक्ष देवांश मिश्र ने शहीदों की याद में दीप जलाए। इस दौरान उनकी वीरता को याद किया गया।
कारगिल विजय दिवस पर तिलक कालेेज से एनसीसी कैडेटों द्वारा निकली रैली।- फोटो : PRATAPGARH