उमस भरी गर्मी के साथ ही बिजली कटौती की आंखमिचौली जारी है। शहरी क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। ट्रिपिंग और फाल्ट के कारण शहरी क्षेत्र में तीन से चार घंटे बिजली कटौती हो रही है। जबकि ग्रामीण अंचल के अधिकांश उपकेंद्रों में मेनलाइन ब्रेकडाउन होने से 10 घंटे तक कटौती हो रही है। दिन के साथ रात में बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग सुकून की नींद नहीं ले पा रहे हैं।
शहर के बाबागंज उपकेंद्र से जुड़े सदर बाजार, अजीतनगर, चौक, बाबागंज और पंजाबी मार्केट में मंगलवार की सुबह से शाम तक पांच बार बिजली आपूर्ति बाधित रही। उपभोक्ता संग दुकानदार परेशान रहे। कादीपुर उपकेंद्र से जुड़े महुआर, पूर्वी सहाेदरपुर, पूरे नरसिंहभान, जोगापुर में भी कई बार बिजली की आवाजाही रही।
दहिलामऊ उपकेंद्र से जुड़े फीडरों में ट्रिपिंग और फाल्ट के कारण दो से तीन बार आपूर्ति बाधित हुई। सोमवार देररात उपकेंद्र के सगरा फीडर का रिले खराब होने से आपूर्ति डायरेक्ट हो गई। वहीं रूपापुर उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में दिन और रात के समय कई बार आपूर्ति ठप हुई।
ग्रामीण अंचल के भुपियामऊ ग्रामीण, रानीगंज अजगरा, हंडौर, पहाड़ापुर, अंतू, संडवा चंद्रिका समेत अधिकांश उपकेंद्रों पर 10 घंटे तक बिजली गुल रही। मेनलाइन ब्रेकडाउन होने के कारण आपूर्ति बाधित रही। बाबागंज निवासी मनोज गुप्ता ने बताया कि दिन में कई बार आपूर्ति बाधित हुई। गर्मी के मारे हाल बेहाल रहा। रानीगंज की चंदा देवी ने बताया कि आपूर्ति ठप होने से निजी पंप से सिंचाई नहीं हो सकी। अधीक्षण अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि सभी उपकेंद्र के कर्मियों को रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं।