नौकरी से रिटायर होने के बाद पेंशन ले रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब पेंशनर अपनी जरूरत के मुताबिक किश्तों में पेंशन के रुपये निकाल सकेंगे। अभी तक पेंशन की रकम एकमुश्त ही निकालनी होती थी। पेंशनरों की इस समस्या को देखते हुए अब डाक विभाग उनके लिए सेविंग स्कीम लाने जा रहा है। इसके तहत पेंशनर न सिर्फ किश्तों में खाते से पेंशन की रकम निकाल सकेंगे, बल्कि रुपये जमा भी कर सकेंगे। खाते में जमा रकम पर डाकविभाग से ब्याज भी मिलेगा।
कर्मचारियों को पेंशन पीपीओ खाते से दी जाती है। यह खाता चार्टर पोर्टर एकाउंट लखनऊ से तैयार किया जाता है। डाकघर पहुंचने के बाद कर्मचारी पेंशन का फार्म भरता है। सत्यापन होने के बाद उसको पेंशन की रकम मिल जाती है। अक्सर देखा गया है कि अधिकांश कर्मचारी पूरी की पूरी पेंशन निकाल लेते हैं। अगर वह कुछ पैसा बचाकर रखना भी चाहे तो उसका डाकघर में बचत खाता नहीं होता है। ऐसे में पूरी पेंशन निकालना उसकी मजबूरी बन जाती है। ऐसे मेें अगर वह भविष्य के लिये कुछ बचाकर रखना चाहता है तो नहीं कर सकते हैं। यहीं पर उनको सेविंग खाते की कमी अखरती है। अब डाक विभाग पेंशनरों के लिए सेविंग एकाउंट की सुविधा देने की तैयारी में है। कर्मचारी चाहे तो सेविंग एकाउंट खोलकर उसी में अपनी पेंशन मंगवा सकते हैं। जितनी जरूरत हो उतना पैसा निकाल लें, बाकी उसमें रहने दें।