किसान नेत्री पम्मी सिंह नाटकीय अंदाज में मंगलवार को घर लौटीं। खबर मिलने पर अंतू से महिला दरोगा पुलिस बल के साथ उनका बयान लेने पहुंची। किसान नेत्री ने बताया कि एक नकाबपोश युवक तमंचे के बल पर उसे अगवा कर लखनऊ ले गया। वहां से फिर वह प्रतापगढ़ लाकर पहुंचा गया।
अंतू थाना क्षेत्र के गोबरी निवासी पम्मी सिंह किसान यूनियन महिला शाखा की जिलाध्यक्ष हैं। वह रविवार को किसी काम से शहर के लिए निकली थीं। इसके बाद वह घर लौटकर नहीं गईं। परिजनों की आशंका पर सोमवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस उनकी तलाश में लगी हुई थी। मंगलवार की सुबह पम्मी सिंह अकेले ही बदहवास की हालत में घर पहुंचीं। परिजनों के साथ ही आसपास के लोगों ने उनसे बातचीत की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इधर पम्मी के वापसी की खबर पर अंतू थाने में तैनात महिला दरोगा पुलिसकर्मियोें के साथ पम्मी के घर पहुंची और उनका बयान दर्ज किया।
उन्होंने पुलिस को बताया कि घर के करीब ही चौरा के पास बाइक सवार एक नकाबपोश युवक ने तमंचे के बल पर धमकाया और उसे बाइक पर बैठने के लिए मजबूर कर दिया। इसके बाद शहर ले गया और किसी मोहल्ले की गली में बाइक खड़ी करने के बाद उसे बस से रायबरेली ले गया। वहां से ट्रेन पकड़कर लखनऊ ले गया। रात भर स्टेशन पर ही रखा। अचानक उसके घर से फोन आया तो वह सोमवार को इंटरसिटी से प्रतापगढ़ लेकर आया और आजाद कर दिया। युवक की धमकी से वह इतनी सहम गईं कि शोर मचाने का भी साहस उनमें नहीं रहा। एसओ अंतू लल्लन सिंह यादव ने बताया अपहृत किसान नेत्री पम्मी सिंह वापस लौट आईं हैं। पूछताछ में जो बातें बताईं हैं वह सत्यता से बिल्कुल परे है। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है।