लालगंज। तीसरे चरण में तहसील क्षेत्र के चार ब्लाकों में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान को लेकर पोलिंग पार्टियां अव्यवस्थाओं के बीच रवाना हुईं। रामपुर संग्रामगढ़ विकासखंड में रामाश्रय डिग्री कालेज पूरे छत्तू से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। यहां सुबह से ही मतदान कर्मी जुटने लगे थे। ड्यूटी डिकोडिंग होने के बाद उन्हे बूथ संख्या बताई गई। तमाम मतदान कर्मी सुबह से ही जुट गए थे। यहां पेयजल की समस्या से सभी हलाकान दिखे।
प्रशासन ने दो ड्रम में पानी जरूर भरवाया था, लेकिन धूल व मिट्टी के चलते गन्दे हुए पानी को मतदान कर्मियों ने छुआ तक नहीं। महाविद्यालय में एक मात्र हैंडपंप में किसी तरह मतदान कर्मियों का गला तर हो सका। यहां दूसरी प्रमुख समस्या मतदान कर्मियों को बैठने को लेकर रही। इनके बैठने के लिए दो चार दरी ही थी। सीडीओ महेन्द्र बहादुर सिंह यहां पहुंचे तो अव्यवस्थाओं को देख अधिकारियों पर बिफर पड़े।
उनके निर्देश पर अधिकारियों को बैठने के लिए दरी व टेंट नसीब हो सका। इसी तरह लक्ष्मणपुर विकासखंड में भी अव्यवस्थाओं के बीच पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। लालगंज व सांगीपुर में भी चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की कमी के चलते परेशानी उठानी पड़ी। मतदान कर्मियों के सहयोग से किसी तरह पोलिंग पार्टियों को रवाना कर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।