पीसीएस 2017 के टॉपर अमित शुक्ला का गांव पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। गांव, परिवार के साथ ही रिश्तेदारों व दोस्तों ने पहुंचकर उनका स्वागत किया। इस दौरान वह सभी से समय निकालकर मिलते रहे। लोगों का उनके घर पहुंचकर बधाई देने का तांता लगा रहा।
तहसील क्षेत्र के किलहनापुर गांव निवासी उमाकांत शुक्ल के पुत्र के अमित शुक्ल का चयन एसडीएम पद के लिए हो गया है। वह परिवार सहित प्रयागराज में रहते हैं। अमित की मां भदरी पीएचसी में एएनएम की नौकरी करती हैं।
एसडीएम का पद मिलने के बाद वह रविवार को अपने पिता के साथ गांव पहुंचे तो परिवार, रिश्तेदारों के साथ ही ग्रामीण और उनके दोस्तो ने उनका स्वागत किया। घर पहुंचने के बाद उनका माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद पूरे दिन उनके गांव और समाज के लोग उनके घर पर अमित से मिलने पहुंचते रहे और उन्हें बधाई देते रहे।
इस दौरान डा.शिव प्रसाद मिश्र, डा.रमापति त्रिपाठी, दीनानाथ पांडेय,्र कृष्ण कुमार, शिवकुमार मिश्र, ललित मिश्र, दीन बंधू मिश्र, परमात्मा दीन श्ुाक्ला, बजरंगी शुक्ल, उमाकांत शुक्ल, शिवबाबू, रिशीष मिश्रा, रमाकांत प्रजापति आदि लोग मौजूद रहे।
खुलेमन से करें तैयारी, रिजल्ट पर न दें ध्यान
युवाओं को खुले मन से तैयारी करनी चाहिए। रिजल्ट पर ध्यान नहीं देना चाहिए। अगर वह रिजल्ट को लेकर दबाव में रहेंगे तो तैयारी नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि यह पढ़ाई का अंत नहीं है। इसके अलावा भी बहुत कुछ है। यह बातें कुंडा के किलहनापुर गांव अपने पैतृक घर पहुंचे रविवार को अमित शुक्ला ने कहीं।
उन्होंने बताया कि वह इस दिशा में रिजल्ट मिल पाने की उम्मीद छोड़ चुके थे। अब वह ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक कार्य करने की दिशा में कदम बढ़ाने वाले थे। उन्होंने बताया कि वह एमबीए करने की तैयारी शुरू करने वाले थे।
2016 से शुरू होकर उन्होंने 2018 में दी गई परीक्षा में सफलता पाई। उन्होंने बताया कि 2016 में उनका कमर्शियल टैक्स ऑफीसर के पद पर हो गया था। तकनीकी खामी के चलते उनका ज्वाइनिंग नहीं आ पाई थी। एकाएक यह रिजल्ट आया जो इतनी बड़ी खुशी दे गया। बताया कि उन्हें क्रिकेट पसंद हैं। पढ़ाई के दौरान स्वयं को रिफ्रेश करने के लिए कॉमिक्स और मुंशी प्रेमचंद की छोटी कहानियां पढ़ते थे।
बताया कि कॉमिक्स में वह सुपर कमांडो ध्रुव को पसंद करते हैं जो बिना किसी दैवीय पावर के अपनी सूझ बूझ से खतरनाक विलेन से दुनिया को बचा लेते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर फेसबुक को उपयोगी नहीं बताया। व्हट्सएप को आपस में जुड़ने के लिए इस्तेमाल किया जाना जाना चाहिए। सोशल मीडिया को इस्तेमाल करने का सकारात्मक नजरिया होना चाहिए।