मेडिकल कॉलेज के राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय के नए भवन में बुधवार रात से ही पानी आपूर्ति बंद हो गई। सुबह प्रसाधन कक्ष में पानी नहीं आने से मरीजों के साथ ही तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मियों को परेशान होना पड़ रहा है। परिसर में खड़े टैंकर से पानी लेकर तीसरे और चौथे तल तक जाना पड़ रहा है।
चिकित्सालय परिसर में बने हनुमान मंदिर के पास माह भर के अंदर दूसरी बार सप्लाई पानी पाइप लाइन फट गई। बुधवार रात से वार्ड तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। मरीजों के साथ तीमारदारों की समस्या दूर करने के लिए सीएमएस अबतक 12 टैंकर पानी मंगवाए और 24 हजार रुपये खर्च कर चुके हैं। इसके बावजूद मरीजों और तीमारदारों के साथ स्वास्थ्य कर्मियों को पानी के लिए परेशान होना पड़ता है।
दूसरे, तीसरे और चौथे तल पर भर्ती मरीजों काे ज्यादा दिक्कतें हो रहीं हैं। बाजार से पानी खरीदकर प्यास बुझाना पड़ रहा है तो टैंकर से पानी लेकर प्रसाधन कक्ष में जाना पड़ता है।
पानी के अभाव में शौचालय गंदा हो गया है। दुर्गंध के कारण वार्ड में बैठना मुश्किल हो गया है। जिम्मेदार कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
- रमेश कुमार, जोगापुर।
सबसे ज्यादा दिक्कत उन मरीजों को हो रही है, जिनका ऑपरेशन हुआ है। बोतल से पानी उन्हें पहुंचाना पड़ रहा है। मरीज परेशान हो रहे हैं।
- विपुल कुमार, राजापुर।
मरीजों और तीमारदारों की सहूलियत के लिए टैंकर से पानी मंगवाया जा रहा है। दूसरे, तीसरे और चौथे तल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे लोगों को दिक्कतें हो रहीं हैं। समस्या को दूर करने के लिए कर्मचारी लगे हैं। रविवार शाम तक समस्या दूर हो जाएगी।
- डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज।