डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत रामरहीम को दुष्कर्म के मामले में सीबीआई कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद भड़की हिंसा को देखते हुए प्रतापगढ़ से होकर पंजाब और हरियाणा जाने वाली सभी ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। इससे यात्री परेशान हो गए। जम्मूतवी जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस को भी कैंसिल कर दिया गया। ट्रेनें निरस्त होने के कारण दर्जनों यात्रियों ने अपने आरक्षण निरस्त कराए। शनिवार को रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ इस कदर थी कि प्लेटफार्म पर उन्हें बैठने की जगह नहीं मिल पा रही थी।
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बाबा गुरमीत रामरहीम को यौन शोषण के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद हरियाणा और पंजाब हिंसा की आग में जलने लगा। डेरा समर्थकों ने सरकारी भवनों के साथ रेलवे स्टेशन को भी आग के हवाले कर दिया था। बवालियों ने राजस्थान, यूपी और दिल्ली में भी बवाल शुरू कर दिया था। हिंसा को देखते हुए हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल 13005 सिर्फ लखनऊ तक भेजी गई। चार घंटे की देरी से यह ट्रेन प्रतापगढ़ पहुंची। इससे यात्री परेशान रहे। वहीं, अमृतसर से हावड़ा जाने वाली 13006 पंजाब मेल को रद्द कर दिया गया था। राजेंद्र नगर से जम्मूतवी जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दिया गया। वाराणसी से नई दिल्ली को जाने वाली काशीविश्वनाथ एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे लेट रही तो टूएफपी पैसेंजर फैजाबाद-प्रयाग एक घंटे की देरी से प्रतापगढ़ पहुंची। ट्रेन निरस्त होने और कई ट्रेनें की लेटलतीफी से यात्री परेशान रहे। कई यात्री पंजाब जाने के लिए स्टेशन आए थे, लेकिन उन्हें अपना आरक्षण निरस्त कराना पड़ा। स्टेशन मास्टर इबरार ने बताया कि ट्रेन निरस्त होने और लेटलतीफी के बारे में कंट्रोल से कोई जानकारी नहीं दी गई। पंजाब में हुई हिंसा के चलते पंजाबमेल एक्सप्रेस अप और डाउन और अर्चना एक्सप्रेस को निरस्त किया गया है।