प्रतापगढ़। सांसद संगमलाल गुप्ता ने सौभाग्य योजना के तहत विद्युतीकरण के नाम पर की गई घपलेबाजी का मामला संसद में उठाया है। जिले में सौभाग्य योजना के तहत हुए विद्युतीकरण के कार्य पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि बगैर विद्युतीकरण के ही जिले में 1500 मजरों को रोशन कर दिया गया। अब बगैर कनेक्शन व बिजली के ही बिल आने लगा है। इससे ग्रामीण परेशान हैं। अफसर से लेकर कर्मचारी तक सभी ग्रामीणों का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने बिजली से वंचित मजरों में कार्य पूर्ण कराने व बगैर उपभोग के आ रहे बिल पर रोक लगाने की मांग की है।
सांसद संगमलाल गुप्ता ने कहा कि पंडित दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना में जमकर घपलेबाजी की गई, जिससे चिह्नित मजरों में का कार्य पूरा नहीं हो सका। लगभग 1500 मजरे ऐसे हैं जो विद्युतीकरण से अछूते रह गए। इसके बाद सौभाग्य योजना की शुरुआत हुई। लेकिन इस योजना के माध्यम से भी जिले में विद्युतीकरण का कार्य पूरा नहीं हो सका। उन्होंने कार्यदायी संस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बगैर विद्युतीकरण के ही कागज पर ही 1500 मजरों को रोशन कर दिया गया। अब बगैर बिजली व मीटर के ही उन मजरों में बिल आ रहा है। जिसे लेकर ग्रामीण परेशान हैं। वह विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं। सांसद संगम लाल गुप्ता ने तत्काल कमेटी गठित कर जांच कराने की मांग की।