जिले में तीसरे चरण का मतदान छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण रहा। शनिवार को हुए मतदान में वोट का प्रतिशत घटकर 52.25 पर आ गया। प्रथम चरण में 56.20 प्रतिशत और द्वितीय चरण में 55.6 प्रतिशत मतदान हुआ था। जिले के चार ब्लाकों में तीसरे चरण के हुए मतदान में जिला प्रशासन की किलेबंदी पूरी तरह सफल रही। रामपुरसंग्रामगढ़ के मोठिन बूथ पर डीएम ने एक युवक को तीन बंदूक के लाइसेंस, 10 कारतूस और एक पिस्टल की मैगजीन के साथ पकड़ लिया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में शनिवार को लक्ष्मणपुर, लालगंज, सांगीपुर और रामपुरसंग्रामगढ़ के बूथों पर मतदान हुआ। चुनाव में हिंसा रोकने को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक रखी थी। प्रशासन की सख्ती का असर रहा कि चारों ब्लाकों में कहीं भी हिंसक वारदात नहीं हुई। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का चुनाव क्षेत्रों में जमावड़ा लगा रहा। रामपुर संग्रामगढ़ के मोठिन बूथ पर डीएम ने एक युवक को दस कारतूस, एक पिस्टल की मैगजीन सहित तीन बंदूक के लाइसेंस के साथ दबोच लिया। उन्होंने आरोपी को वाहन सहित संग्रामगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया। इधर पूरे भगवत, देवकली और लीलापुर बूथों पर अभिकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई। पुलिस के पहुंचते ही दोनों पक्ष के लोग फरार हो गए।
उधर, शनिवार को हुए मतदान में वोट का प्रतिशत घटकर 52.25 पर आ गया। बता दें कि प्रथम चरण में 56.20 प्रतिशत और द्वितीय चरण में 55.60 प्रतिशत मतदान हुआ था। डीएम ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, सब जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाकर अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंप रखी थी। इधर पुलिस के जवान भी पूरी तरह सक्रिय रहे। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दिनेश सिंह लक्ष्मणपुर के बूथों का जायजा लेते रहे। चमरुपुर पठान में बूथ के बाहर जमे लोगों को दौड़ाने के साथ ही अभिकर्ताओं की वीडियोग्राफी कराई। डीएम और एसपी दिनभर पल-पल की खबर लेते रहे।