जिले में तीसरे चरण के चुनाव के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। लक्ष्मणपुर, लालगंज, रामपुर संग्रामगढ़ और सांगीपुर ब्लाकों में होने वाले मतदान का जायजा लेने गुुरुवार को डीएम अमृत त्रिपाठी पहुंचे।
जिले में तीसरे चरण का मतदान 17 अक्तूबर को जिला पंचायत सदस्य के 11 पदों के लिए होगा। कालाकांकर प्रथम और रामपुर संग्रामगढ़ द्वितीय सीट पर निर्विरोध प्रत्याशियों का चयन पहले ही हो चुका है। तीसरे चरण के चुनाव मे सबसे अधिक 54 प्रत्याशी लक्ष्मणपुर विकास खंड में हैं।
जिलाधिकारी ने गुरुवार को चारों ब्लाकों का भ्रमणकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सुबह सात बजे से ही पोलिंग पार्टियों के रवाना होने का निर्देश दिया है। चार ब्लाकों के 733 मतदेय स्थलों पर होने वाले चुनाव में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किया है। चारों ब्लाकों में सबसे अधिक सांगीपुर में 233 मतदेय स्थल हैं। लक्ष्मणपुर में 193, लालगंज 171, रामपुर संग्रामगढ़ में 146 और सांगीपुर ब्लाक में 233 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। डीएम ने पोलिंग पार्टी रवाना होने के पहले कर्मचारियों की ड्यूटी डिकोडिंग करने के लिए अधिकारियों की तैनाती की है।