जिले में तीसरे चरण के मतदान के लिए मंगलवार से नामांकन होगा। 17 अक्तूबर को होने वाले तीसरे चरण के चुनाव में जिला पंचायत सदस्य के 13 पदों के लिए मतदान होगा। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए लक्ष्मणपुर 3, लालगंज 3, रामपुरसंग्रामगढ़ 3 और सांगीपुर 3 की सीटों के साथ ही कालाकांकर सीट के लिए मंगलवार और बुधवार को नामांकन होगा। इन चारों ब्लाकों में बीडीसी पद के लिए 326 सीटें हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से प्रारंभ होगी। लक्ष्मणपुर, लालगंज, सांगीपुर और रामपुर संग्रामगढ़ ब्लाकों में होने वाले चुनाव में जिला पंचायत सदस्य के 13 पदों के लिए मतदान होगा। रामपुरसंग्रामगढ़ का ब्लाक का कुछ भाग कालाकांकर प्रथम क्षेत्र में आने के कारण इस क्षेत्र के प्रत्याशियों को तीसरे चरण में नामांकन करना होगा। हालांकि कालाकांकर में चौथे चरण में चुनाव होगा।
जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी अफीम कोठी में नामांकन करेंगे, जबकि बीडीसी सदस्य के प्रत्याशी संबंधित विकास खंडों में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। अफीम कोठी में सोमवार को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए पर्चा खरीदने वालों की भीड़ उमड़ी रही। चार ब्लाकों में बीडीसी सदस्य पद के लिए 326 पद हैं। इसमें सबसे अधिक 94 पद सांगीपुर विकास खंड में हैं। रामपुर संग्रामगढ़ में 80, लालगंज 73 और लक्ष्मणपुर विकास खंड में 79 पद सृजित हैं। जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने सभी ब्लाकों में निर्वाचन अधिकारी और न्यायपंचायत स्तर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित कर रखे हैं। जबकि जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव कराने की जिम्मेदारी सीआरओ रामसिंह वर्मा को सौंपी गई है।