जिले में 1526 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 61 जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। 171 न्याय पंचायतों में होने वाले चुनाव के लिए जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का पालन कराने का निर्देश दिया है।
जिले में 1255 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए 1437 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें मतदान स्थलों की संख्या 3323 है। कुल वार्डों की संख्या 15731 है। निर्वाचन में 1526 क्षेत्र पंचायत सदस्यों और 61 जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव चार चरणों में होंगे। मानधाता में 230, आसपुर देवसरा में 211, सदर में 213, बाबागंज में 198, कालाकांकर में 153, संडवा चंद्रिका में 198, लक्ष्मणपुर में 193, लालगंज में 171, रामपुर संग्रामगढ़ में 146, सांगीपुर में 223, बिहार में 227, गौरा में 195, मंगरौरा में 190, पट्टी में 135, बाबा बेलखरनाथ में 956, शिवगढ़ में 896, कुंडा में 1094 मतदेय स्थल हैं।
डीएम ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मंगलवार को अफीम कोठी में आयोजित आरओ और एआरओ को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया। 3 व 6 अक्तूबर को मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैठक में सीडीओ महेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी पुनीत शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसपी बर्नवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।