पंचायत चुनाव के लिए जारी होने वाली अंतिम आरक्षण सूची में जिला पंचायत सदस्य की कई सीटों का आरक्षण फिर बदल सकता है। अनंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद मिलीं आपत्तियों का परीक्षण करने के बाद प्रशासन ने कई सीटों पर पूर्व में जारी किए गए आरक्षण में फेरबदल किया गया है। सूत्रों की मानें तो कुंडा, विहार, मंगरौरा, शिवगढ़, गौरा और रामपुर संग्रामगढ़ ब्लाक की जिला पंचायत सदस्य की सीटों का आरक्षण अंतिम सूची में फिर बदला गया है। आरक्षण की अंतिम सूची देर रात प्रकाशित होने की संभावना है।
पंचायत चुनाव कराने के लिए शासन के निर्देश पर प्रशासन ने जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ब्लाक प्रमुख के पदों आरक्षण लागू करने के बाद बीते छह सितंबर को सूची प्रकाशित की थी। इसमें कई सीटों पर आरक्षण बदल गया था। सामान्य की सीट की ओबीसी, एससी तो एससी-ओबीसी की कई सीटें महिला हो गई थीं। सूची जारी होने के बाद जिले में चुनाव की तैयारियों में जुटे लोगों को करारा झटका लगा था। सीटों का आरक्षण बदलने से कई लोगों के चुनाव लड़ने की उम्मीदों पर पानी फिर गया था। जिलेभर में इस सूची को लेकर सियासत तेज हो गई थी। संभावित उम्मीदवारों ने यहां से लेकर लखनऊ तक हाथ-पांव मारने शुरू कर दिए थे। उधर, प्रशासन का दावा था कि चक्रानुक्रम के आधार पर सीटों का आरक्षण किया गया है।
इस बीच पता चला कि कुछ सीटों के आरक्षण को लेकर विभागीय कर्मचारियों द्वारा गलत जानकारी दे दी गई है। इस पर प्रशासन ने आपत्तियां मांगी थीं। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक जिला पंचायत सदस्य की 61 सीटों पर हुए आरक्षण को लेकर कुल 35 आपत्तियां दर्ज कराई गईं। इन आपत्तियों को देखने और फिर से चक्रानुक्रम का परीक्षण करने के बाद जिला पंचायत सदस्य की कई सीटों पर फिर से आरक्षण बदल दिया गया है। सूत्र बताते हैं कि कुंडा, विहार, मंगरौरा, शिवगढ़, गौरा और रामपुर संग्रामगढ़ ब्लाक में आने वाली जिला पंचायत सदस्य की सीटों का आरक्षण दोबारा बदल सकता है। अगर ऐसा हो गया तो हफ्ते भर से यहां से लेकर लखनऊ तक चक्कर लगाने वाले उन संभावित उम्मीदवारों को काफी राहत मिलेगी जो अनंतिम सूची के आरक्षण को देखने के बाद आसमान ताकने लगे थे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि सोमवार देर रात अंतिम आरक्षण सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।