चलती स्कार्पियो से पान की पीक थूकने का विरोध करना बाइक सवार को भारी पड़ गया। उसे गैंगस्टर प्रधान, अधिवक्ता समेत चार लोगों ने मिलकर लातघूसाें से पीट दिया। लोगों के जुटने पर उसकी जान बची। शिकायत के बाद पुलिस मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
लीलापुर थाना क्षेत्र के डढैला कोड़रा मादूपुर निवासी यशवर्धन सिंह ने नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि वह बाइक से चिलबिला की ओर जा रहे थे। सदर बाजार में सामने से आ रही काली स्कार्पियो सवार चालक ने शीशा खोलकर पान मसाले की पीक उसके ऊपर थूक दी। रोकने वह कार लेकर भागा, जिसके बाद उसने बाइक से पीछा कर लिया।
करीब चार सौ मीटर पर कार रोकने का प्रयास किया। चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मारते हुए जान से मारने की कोशिश की। जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। बाइक भी स्कार्पियो में फंस गई। जिसके स्कार्पियो सवार चार लोग नीचे उतरे और उसे लात घूसों से जमकर पीटे।
इस बीच गैंगस्टर व कुसमी प्रधान तौहीद आलम ने पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी। राहगीरों के एकत्र होने पर उसकी जान बची। यशवर्धन की तहरीर पर पुलिस ने गैंगस्टर प्रधान तौहीद आलम, आजाद नगर निवासी अधिवक्ता आरिफ, महुआर के अतीक अहमद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ सिटी शिवनारायण ने बताया कि छानबीन की जा रही है। आरोपियों पर कार्रवाई होगी।
गैंगस्टर प्रधान की लाखों रुपये की संपत्ति हुई थी कुर्क
कुसमी के गैंगस्टर प्रधान तौहीद आलम के खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर के तहत लाखों रुपये की संपत्ति कुर्क की गई थी। हाईवे की ओर से मकान का कुछ हिस्सा भी चिह्नित किया गया था। हालांकि बाद में जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने कुर्क की गई संपत्ति को अवमुक्त कर दिया था।