तहसील क्षेत्र के तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन सेंटर की स्थापना होगी। इलाके के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरगढ़, पट्टी और नारायणपुर में ऑक्सीजन सेंटर स्थापित करने के लिए बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निरीक्षण किया।
सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने सीएचसी में पाइप लाइन का काम देखा। कोविड-19 वैक्सीन स्टोर, चिकित्सालय के वार्ड और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पट्टी विधानसभा क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी, अमरगढ़ व नारायणपुर में ऑक्सीजन गैस प्लांट की स्थापना का काम शुरू हो चुका है। पाइप लाइन बिछाई जा रही है। उनके साथ आईसीआई आईसीआई बैंक के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सीएचसी से हटाए जा रहे डिजिटल एक्सरे प्लांट के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह है निदेशक स्वास्थ्य का आदेश था। जिसके तहत पूर्व की कंपनी का टेंडर खत्म हो चुका है। नए कंपनी के टेंडर के अनुसार नई एक्सरे मशीन आनी है। स्थानीय स्तर पर व्यापारियों के विरोध के चलते उन्होंने फिलहाल इसे रोक दिया है। उनके आदेश के अनुसार नई मशीन आने के पश्चात ही पुरानी वाली यहां से जाएगी। यहां मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं को कम करने का उनका कोई इरादा नहीं है।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डॉ. नीरज सिंह के अलावा डॉक्टर अखिलेश जायसवाल, डॉक्टर राकेश कुमार, डॉ पंकज, डॉ ज्ञानेंद्र मौर्य, वरिष्ठ लिपिक शिव पूजन तिवारी, चीफ फार्मासिस्ट ओपी तिवारी समेत तमाम चिकित्सीय स्टाफ उपस्थित रहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीएससी अमरगढ़ के निरीक्षण को पहुंचे। यहां स्वास्थ्य सेवाओं में कमी तथा सर्जन की नियुक्ति न होने का मामला सामने आया। उन्होंने सीएचसी में शीघ्र सर्जन की नियुक्ति किए जाने का आश्वासन स्थानीय नागरिकों को दिया।