महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश में बरसात व बाढ़ के चलते जिले में प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। आठ दिन के भीतर प्याज के दाम दोगुने हो गए हैं। बरसात के चलते दो दिन के भीतर हरी सब्जियों के दामों में भी उछाल आ गया। मंडी से निकलते ही सब्जी महंगी हो जा रही है। प्याज का दाम लगातार बढ़ता ही जा रहा है।
किसानों को भले ही सब्जियों के अच्छे रेट न मिल पा रहे हों, लेकिन मंडी से निकलते ही सब्जियों के दामों में आग लग जाती है। मौजूदा समय सबसे अधिक मारामारी प्याज के दामों को लेकर है। आठ दिन पहले जो प्याज 20-25 रुपये प्रति किलो थी। आज उसी प्याज का दाम 55 से लेकर 60 रुपये हो गया है। जो सेब को भी टक्कर देने लगा है।
प्याज के दाम सुनकर लोग भले ही लाल हो रहे हैं लेकिन दाम में कमी के बजाय लगातार इजाफा होता जा रहा है। जिससे प्याज काटने से पहले ही लोगों की आंखों से आंसू निकल रहे हैं। मंडी में अभी तक जो सब्जी कम रेट में मिल रही थी। उन सब्जियों का भी दाम अचानक बढ़ गया है। दो दिनों से बरसात के चलते मंडियों में ताजी सब्जियों की आवक बंद हो गई है।
जिसके चलते हरी सब्जियों के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सब्जियों के दाम में लगातार इजाफा देख लोग ग्रामीण अंचलों की बाजारों में सुबह शाम सब्जी खरीदने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। शहर की हर सब्जी मंडियों में बिकने वाली सब्जियों के दाम अलग-अलग हैं। दहिलामऊ निवासी हरीश शुक्ला का कहना है कि कंपनी गार्डेन के पास लगनी वाली सब्जी मंडी में अधिक दाम पर दुकानदार सब्जी बेचते हैं जबकि वही सब्जी पंजाबी मार्केट के बगल सब्जी मंडी में कम दाम में मिलती है।
खुशखुशवापुर की रहने वाली मोहसिना का कहना है कि वह भी सब्जी लेने के लिए पुरानी सब्जी मंडी ही जाती हैं। जानकारों का कहना है कि प्याज के रेट में अभी और बढ़ोत्तरी होगी। मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र के नासिक से प्याज की आवक कम हो गई है। उम्मीद है बरसात बंद होने पर दूसरी सब्जियों के दाम घटेंगे।
जमाखोरी से बढ़ रहे रेट
महुली मंडी समिति में आढ़त लगाने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि फसल आने के बाद किसानों को जमाखोर शोषण करते हैं। औने पौने दाम में प्याज खरीदकर अपने गोदामों में डंप कर लेते हैं। सीजन खत्म होने के बाद वही प्याज बाहर निकालकर महंगा करके बेचा जाता है। आवक का बहाना बनाकर जमाखोर अपना मुनाफा कमाने के लिए ऐसा रास्ता निकालते हैं। इस महंगाई का सामना अब जनता को करना पड़ रहा है।
आठ दिन के भीतर फुटकर सब्जियों के दामों में अंतर पर एक नजर
सब्जी पहले सब्जियों के दाम अब सब्जियों का दाम
प्याज 23-28 रुपये प्रति किलो 55-60 रुपये प्रति किलो
लहसुन 75 रुपये प्रति किलो 80 रुपये प्रति किलो
टमाटर 20 रुपये प्रति किलो 30 रुपये प्रति किलो
नई आलू 45 रुपये प्रति किलो 50 रुपये प्रति किलो
धनिया हरी 170 रुपये प्रति किलो 200 रुपये प्रति किलो
अदरक 110 रुपये प्रति किलो 120 रुपये प्रति किलो