सदर विधानसभा उपचुनाव के चौथे दिन नामांकन स्थल पर सन्नाटा टूटा और एआईएमआईएम के प्रत्याशी इसरार अहमद ने दो सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने अपने नामांकन पत्र में आय-व्यय के ब्यौरे का शपथ नहीं प्रस्तुत किया है। इधर, नामांकन पत्र लेने वालों 13 नाम और शामिल हो गए हैं।
भाजपा से पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, अतुल श्रीवास्तव, अश्विनी सोनी और सपा से पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह यादव मुन्ना, अब्दुल माजिद सिद्दीकी, आशुतोष पांडेय और अनुराग खंडेलवाल ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत करते हुए नामांकन पत्र लिया है।
सदर विधानसभा उपचुनाव के लिए सदर तहसील स्थित नामांकन स्थल पर पसरा सन्नाटा गुरुवार को उस समय टूट गया जब एआईएमआईएम के प्रत्याशी इसरार अहमद ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर दो सेटों में नामांकन किया। सदर बाजार से अपने समर्थकों के साथ निकले एआईएमआईएम प्रत्याशी के साथ दोपहिया वाहन और चार पहिया वाहनों का लंबा काफिला था।
इससे पुलिस चौकन्नी हो गई और समर्थकों को प्रवेश द्वार पर रोक लिया। इधर, नामांकन पत्र लेने वालों की लंबी लाइन गुरुवार को भी लगी रही। भाजपा से पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, अतुल श्रीवास्तव, अश्विनी सोनी, सपा से पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह यादव मुन्ना, आशुतोष पांडेय, अब्दुल माजिद सिद्दीकी और अनुराग खंडेलवाल ने पर्चा खरीदा।
इसके अलावा राकेश कुमार निर्दलीय, मनोज कुमार श्रीवास्तव अखिल भारतीय जनसत्ता पार्टी, प्रवीण कुमार सिंह राष्ट्रवादी कांग्रेस, आत्मप्रकाश मिश्र शिवसेना, अकील अहमद निर्दलीय, किशनलाल गुप्ता ने खुद को जनहित भारत पार्टी का प्रत्याशी बताकर नामांकन पत्र खरीदा है। गुरुवार को नामांकन पत्र लेने वाले प्रत्याशियों की संख्या बढ़कर 40 हो गई। इसमें भाजपा और सपा के सात-सात दावेदार शामिल हैं।