नगर कोतवाली व भंगवा पुलिस चौकी के मध्य आर्य समाज के विद्यालय के भवन को जेसीबी से ढहाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक नामजद और आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में दो लोगों का नाम पुलिस ने प्रकाश में लाया है। जिसमें से एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि उसके बेटे की पुलिस तलाश कर रही है। मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है।
प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर टक्करगंज वार्ड में शीतला प्रसाद आर्य समाज मंदिर विद्यालय का पुराना भवन था। नगर कोतवाली और भंगवाचुंगी पुलिस चौकी के बीच स्थित विद्यालय के भवन पर रात में तीन जेसीबी लगाकर पूरा विद्यालय जमींदोज करा दिया गया। आरोपी अंदर रखे सामान भी उठा ले गए। अब मलबा ही रह गया है। सालभर पहले भी भवन में तोडफ़ोड़ की गई थी।
स्कूल के कीमती सामान व अभिलेख चुरा ले जाए गए। इस मामले में पुलिस ने भगवा चौकी इंचार्ज दिनेश सिंह की तहरीर पर जेल रोड निवासी शेखर सिंह को नामजद करते हुए आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ डकेेती का मुकदमा दर्ज किया है।
जांच में कोतवाली पुलिस ने शेखर के रिश्तेदार सत्येंद्र विक्रम सिंह व उसके बेटे प्रशांत का नाम प्रकाश में लाते हुए सत्येंद्र विक्रम सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी के साथ अन्य आरोपपियों की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल ने बताया कि करीब-करीब सभी आरोपियों के नाम प्रकाश में आ गए हैं।