टाइनी शाखा में लूटपाट करने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से लूट के दो मोबाइल व तमंचा बरामद हुआ है। घटना में शामिल पांच बदमाश घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
कंधई थाना क्षेत्र में आए दिन लूट की घटनाओं के चलते पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी थी। अगस्त में नरसिंहपुर में टाइनी शाखा संचालक से दो मोबाइल व 15 सौ रुपये लूटे गए थे।
जून में ही एक महिला से मोबाइल लूटा गया था। बेलखरनाथधाम पुल के पास बुधवार की रात पुलिस ने बाइक सवार एक युवक को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, लूट के दो मोबाइल व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए सुफियान पुत्र बशीर निवासी चकमुबारकपुर ने बताया कि उसका संगठित गिरोह है।
लूट के बाद मिले रुपयों से ही उनका खर्चा चलता है। उसने अपने साथी सूरज पुत्र राम सिंह निवासी चकमुबारकपुर, रणजीत उर्फ मेजर पुत्र रामबहादुर निवासी रतनमई के साथ मिलकर अगस्त माह में नरसिंहपुर स्थित टाइनी शाखा से दो मोबाइल व 15 सौ रुपये लूटे थे।
इसके पहले इसी गांव में एक महिला से मोबाइल व 40 हजार रुपये लूटे थे। एक मोबाइल रणजीत ने ले लिया। दूसरा उसने रख लिया था। महिला से लूट के दौरान फैयाज उर्फ फज्जुल पुत्र गफ्फार निवासी चकमुुबारकपुर, सिद्धार्थ पुत्र प्रकाश सिंह निवासी बिबियाकरनपुर व उमैद पुत्र शौकत अली निवासी बशीरपुर ने उसकी मदद की थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद सुफियान को जेल भेज दिया। प्रकाश में आए पांच आरोपियों की तलाश की जा रही है।