सरुआ गांव में एक माह पूर्व घर से गायब युवक का शव कुएं में मिलने के मामले में तहरीर न मिलने के कारण एफआईआर नहीं दर्ज की। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने घर के पास ही उसका अंतिम संस्कार कराया।
सांगीपुर के सरुआ गांव निवासी शेषनारायण यादव (38) पुत्र स्वर्गीय रामकुमार यादव लगभग एक माह पूर्व घर से अचानक गायब हो गया था। सोमवार की शाम गांव में स्थित एक कुएं में उसका शव मिला था। शेषनारायण अविवाहित था। उसके पिता रामकुमार की जमीन छोटेभाई की पत्नी के नाम वसीयत हो गई थी। इससे व्यथित शेषनारायण ने कोर्ट में केस कर दिया था।
इस बीच लगभग एक माह पूर्व वह संदिग्ध दशा में घर से गायब हो गया था। सोमवार शाम उसका शव गांव में स्थित एक कुएं में मिला था। पोस्टमार्टम हाउस से शव गांव पहुंचने पर पुलिस की मौजूदगी में घर के पास ही ग्रामीणों ने उसका अंतिम संस्कार कराया। अभी उसका भाई अहमदाबाद से घर नहीं पहुंचा है। गांव के लोगों का कहना था कि शेषनारायण की भयाहू को पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। सोमवार को गांव के चौकीदार की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।