करंट लगने से वृद्धा झुलसी
रघवापुर की रहने वालीं प्रभावती (62) शनिवार को मंदिर में जल चढ़ाकर घर लौटीं। घर में बिजली के खुले तार पर उनका हाथ पड़। इस दौरान करंट की चपेट में आकर वह झुलस गईं। परिजन इलाज के लिए उन्हें ट्रामा सेंटर ले गए। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
अर्जुनपुर में छुट्टा मवेशियों का आतंक
विकासखंड के अर्जुनपुर में इस समय छुट्टा मवेशियों का आतंक है। गांव के ही रहने वाले धर्मेंद्र प्रताप सिंह दो दिन पूर्व बाबूगंज से घर जा रहे थे। रास्ते में एक मवेशी ने उन पर हमला कर दिया। इसके पहले गांव के उज्ज्वल सिंह पर खेत जाते समय सांड ने हमला कर दिया था। शनिवार को दान बहादुर सिंह पर घर के सामने ही एक बछड़े ने हमला कर घायल कर दिया। पूर्व प्रधान राम सिंह ने जिम्मेदारों से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। छुट्टा जानवर लोगों के लिए मुसीबत बने हैं।
एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज
अंतू के अर्जुनपुर निवासी सूबेदार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि वह सूबेदार का पुरवा किशुनगंज निवासी आकाश सिंह के यहां करीब एक महीने तक मजदूरी की थी। मजदूरी मांगने पर 22 जून को आकाश व उसके परिवार के लोगों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया था। शिकायत के बाद भी अंतू पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। शिकायत पर एसपी सतपाल अंतिम ने मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। शनिवार को सूबेदार की तहरीर पर अंतू पुलिस ने आकाश सिंह, नन्हे सिंह व दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।