वृद्ध की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
बाजार जा रहे अधेड़ को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। कार एक बोर्ड और खंभे को तोड़ते हुए स्टेवायर से जा टकराई। हादसे में कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी कब्जे में लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के सोनामऊ गांव निवासी रामआधार यादव (55) पुत्र भगवानदीन यादव गुरुवार को साइकिल से धान लेकर चक्की पर कुटाने जा रहा था। हाईवे पर वह सड़क पार कर रहा था। तभी लखनऊ से इलाहाबाद की तरफ जा रही कार ने उसे टक्कर मार दी। कार तेज रफ्तार होने के कारण बोर्ड ओर खंभे को तोड़ती हुई स्टेवायर से जा टकराई। शोरशराबे पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों ने अधेड़ को अस्पताल भेजवाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पत्नी देवकली यादव की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कार में सवार लखनऊ के मकान नंबर 80 राजीव नगर इंदिरा नगर निवासी हफीजुन रहमान पुत्र मोइजुल हक सिद्दिकी, उनकी पत्नी, साली और दो बच्चे बाल-बाल बच गए। सभी रिश्तेदार के यहां करेली इलाहाबाद जा रहे थे। पुलिस ने कार चालक हफीजुन रहमान को हिरासत में ले लिया।