हथिगवां के कल्यानपुर स्थित पेट्रोल पम्प पर जांच करते एसडीएम, सीओ व कम्पनी के अधिकारी।
- फोटो : PRATAPGARH
प्रशासन ने सोमवार को अवैध तरीके से तेल गोदाम संचालन करने वाले लालता के भाई और बेटे के नाम पर चल रहे पेट्रोल पंपों की जांच की। इसके साथ ही उसके अन्य ठिकानों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। एसडीएम और सीओ ने अपनी निगरानी में पेट्रोलपंप पर मौजूद तेल के घनत्व, माप आदि की जांच कराई।
हथिगवां के विषहिया गांव निवासी लालता प्रसाद गुप्ता का तेल गोदाम घर के पास ही हाइवे पर था। इसमें शार्ट सर्किट होने के चलते आग लग गई थी। बाद में अधिकारियों को इसमें अवैध तेल गोदाम चलने की जानकारी हुई तो बाघराय के बिहार स्थित लालता प्रसाद के भाई लल्लूराम गुप्ता व हथिगवां के कल्यानपुर स्थित बेटे कृष्णकुमार के नाम चल रहे पेट्रोलपंपों को सीज कर दिया गया।
सोमवार को एसडीएम मोहनलाल, सीओ राधेश्याम, पूर्ति निरीक्षक देवी प्रसाद के साथ ही अन्य अधिकारी बिहार स्थित लल्लूराम के पेट्रोलपंप पर पहुंचे। इस दौरान संबंधित आयल कंपनी के मैनेजर की मौजूदगी में तेल की शुद्धता, घनत्व और उसकी माप की जांच की। इसके बाद अधिकारी हथिगवां के कल्याणपुर पहुंचे और वहां कृष्णकुमार के नाम से दर्ज पेट्रोलपंप पर भी तेल की शुद्धता आदि की जांच की।
हालांकि इस दौरान किसी तरह की मिलावट या फिर अन्य कमियां नहीं पाई गईं। पेट्रोलपंप की जांच के बाद अब अधिकारी उसके घर सहित अन्य जगह बने मकानों की जांच करने के प्रयास में हैं। फिलहाल लालता प्रसाद और उसके भाई कल्लू का परिवार घर पर नजर नहीं आ रहा है।