नव सृजित नगर पंचायतों की मलिन बस्तियों के लोगों का आवागमन सुगम करने के लिए इंटरलाॅकिंग सड़कों का निर्माण किया जाएगा। जल निकासी के लिए नाली निर्माण भी कराई जाएगी। शासन की ओर से निर्माण कार्य के लिए दस लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
सदर तहसील क्षेत्र में कोहड़ौर, गड़वारा, कटरा मेदनीगंज, प्रतापगढ़ सिटी और अंतू नगर पंचायत का गठन किया गया है। इन इलाकों की मलिन बस्तियों में आवागमन के लिए कच्ची सड़कें ही हैं। जल निकासी के लिए नाली की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या से मलिन बस्तियों के लोगों को परेशान होना पड़ता है।
कई बार ग्रामीणों ने जल निकासी के लिए नाली निर्माण की मांग की। सड़क की इंटरलाॅकिंग कराए जाने के लिए लोगों ने भी आवाज उठाई। हालांकि अभी तक निर्माण कार्य को लेकर प्रस्ताव तैयार नहीं हो सका था। डीएम शिव सहाय अवस्थी ने प्राथमिकता के आधार पर मलिन बस्तियों में इंटरलाॅकिंग सड़कों के निर्माण के लिए निर्देश दिए हैं।
बारिश से पहले जल निकासी की व्यवस्था के लिए नाली निर्माण का भी आदेश दिया है। एससीएस योजना के अनुदान के तहत निर्माण कार्य कराया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए दस लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सूडा को दी गई है। हालांकि अपेक्षा के अनुसार कम धनराशि होने के कारण दोबारा प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
धनराशि आवंटित होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। डीडीओ केएन पांडेय ने बताया कि प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।