सफाई, बिजली-पानी पर बात नहीं, नगर पालिका बोर्ड की बैठक में हंगामा
सदस्यों के विरोध के जताने पर तुलसीसदन हादीहाल को ठेकेदारी व्यवस्था के तहत संचालित करने प्रस्ताव लेना पड़ा वापस
नए भवनों के पंजीयन पर कर लगाने का भी विरोध, सब्जीमंडी में पीपीपी पर मार्केट बनाने को मिली मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। करीब सात माह बाद बृहस्पतिवार को हुई नगर पालिका की बैठक में शहर की बदहाली, सफाई, बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे ही गायब रहे। इन पर चर्चा तक नहीं हुई। अलबत्ता, शहर में स्थित तुलसी सदन हादीहाल को ठेकेदारी व्यवस्था के तहत संचालित करने और नई दुकानों और घरों के पंजीकरण पर कर लगाने को लेकर लाए प्रस्ताव पर हंगामा हो गया। इसके चलते यह दोनों प्रस्ताव स्थगित करने पड़े। नगर पालिका परिषद की बैठक करीब सात माह बाद चेयरमैन प्रेमलता सिंह की अध्यक्षता व ईओ मुदित सिंह के संचालन में शुरू हुई। बोर्ड की बैठक में सदस्यों को भेजे गए 15 मुद्दों पर चर्चा होने के बाद सहमति व असहमति देनी थी। बैठक शुरू होने के दौरान ही वीडियोग्राफी कराए जाने को लेकर हंगामा होने लगा। इसके भुगतान को लेकर करनपुर के सभासद विनय सिंह भोला व अस्पताल वार्ड के सभासद मुहिब्बुल आरफीन ने आवाज उठाई। इन सबके बीच ईओ मुदित सिंह नगर की साफ-सफाई, जलापूर्ति व्यवस्था, पथ प्रकाश व्यवस्था व सड़कों के किनारे नाला नाली निर्माण के एजेंडे को पढ़ते चले गए। जिस पर सभी सदस्य खामोश रहे। किसी ने भी शहर में बेहतर साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और मोहल्लों में प्रकाश व्यवस्था पर चर्चा तक नहीं की। कचहरी के आसपास अस्थायी वाहन स्टैंड बनाने की बात सामने आने पर कुछ सदस्यों ने पुराने वाहन अड्डों की नीलामी की भी बात कही। सब्जी मंडी में पीपीपी केे तहत बनने वाली दुकानों को सर्किल रेट के हिसाब से पहले प्रीमियम व समय निर्धारित करने के बाद निर्माण की मंजूरी मिल गई। विवाह घरों से लिए जाने वाले कर पर भी सदस्य अलग-थलग नजर आए। 108 मदों पर लाइसेंसिंग शुल्क निर्धारित करने की प्रक्रिया को भी सहमति दी गई। तुलसीसदन हादीहाल को ठेकेदारी प्रथा पर संचालित करने की बात सामने आते ही करनपुर के सभासद विनय सिंह भोला और टक्करगंज की सभासद छाया श्रीवास्तव समेत अन्य सदस्यों ने विरोध जताया। जिसके बाद यह प्रस्ताव स्थगित कर दिया गया। पालिका की सीमा में आने वाले नए भवनों के पंजीयन के लिए नामांतरण शुल्क की भांति स्टांप ड्यूटी पर दस प्रतिशत शुल्क लेने के प्रस्ताव को पल्टन बाजार की सभासद मालती सिंह समेत अन्य लोगों ने अस्वीकार कर दिया। बोर्ड की बैठक में सदस्यों द्वारा नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा करने के बजाय एजेंडे पर ही विरोध व समर्थन होता रहा। इस मौके पर इमरान, आशुतोष सिंह, गायत्री शुक्ला, अजय भारती, विक्रम सिंह, आशीष जायसवाल, ज्ञानेश मिश्रा, उदयशंकर, सुशीला मिश्रा समेत अन्य सभासद मौजूद रहे।
इनसेट------
पूर्व प्रधानमंत्री को दी गई श्रद्घांजलि
नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती की पूर्व संध्या पर सदस्यों ने भावभीनी श्रद्घांजलि दी। अध्यक्ष प्रेमलता सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री को कुशल राजनेता बताते हुए कहा कि उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
नगरपालिका बोर्ड की बैठक में बोलती अध्यक्ष प्रेमलता सिंह।- फोटो : PRATAPGARH