कोरोना की दूसरी लहर में मरीज ऑक्सीजन के लिए तरसे
जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि दलित, अल्पसंख्यक, दबे-कुचले व महिलाओं के सम्मान व भागीदारी की लड़ाई भागीदारी परिवर्तन मोर्चा लड़ रहा है। भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए ओवैसी ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में प्रदेश के लोग ऑक्सीजन के लिए तरस गए थे।
सरकार की देन थी कि नदी में दफनाए गए शवों को कुत्ते नोचते रहे। अब भाजपा अपने घोषणापत्र में बिजली मुफ्त करने का वादा कर रही है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने पांच साल में कितने वादे पूरा किए, यह जगजाहिर है। समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी पर भी हमलावर ओवैसी ने कहा कि सपा को वोट देने से भाजपा की डबल इंजन की सरकार चुनाव नहीं हारेगी।
सपा की सरकार में एक ही परिवार का होगा कब्जा
बल्कि भागीदारी परिवर्तन मोर्चा को वोट देने से यह डबल इंजन की सरकार सत्ता से बाहर होगी। सपा की सरकार बनी तो परिवारवालों का ही वर्चस्व कायम रहा। यदि प्रदेश में भागीदारी मोर्च की सरकार बनी तो ढाई साल के लिए बाबू सिंह कुशवाहा मुख्यमंत्री होंगे। तीन डिप्टी सीएम अल्पसंख्यक, दलित समाज के होंगे।
हम सभी की हिस्सेदारी शिक्षा, ठेकेदारी, सियासत में भी चाहते हैं। जिससे गरीबों को उनका हक बेहतर तरीके से दिलाया जा सके। किसानों को उनकी मेहनत की कमाई आसानी से मिल सके। अभी अल्पसंख्यकों व दलितों व पिछड़ों को डराकर कांग्रेस, सपा व बसपा वोट लेती रहीं, मगर अब ऐसा नहीं होगा। हम आप सभी को डरा नहीं रहे, बल्कि भरोसा दिला रहे हैं कि एकजुट होकर वोट दें।
यहां से नुमाइंदगी के लिए विधायक चुनकर भेजें। सदर से मां के खिलाफ अपना दल एस की मुखिया प्रत्याशी नहीं उतार रही। ऐसे में क्या ओवैसी व उनके प्रत्याशी आपके लिए गैर हैं। सच्चाई व हक के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
ओवैसी ने कहा कि आप अपनी ताकत पहचानें। वोट की ताकत आने पर सियासी दल आपसे पंगा नहीं ले सकते। वोटों का सौदा करने वालों की दुकानें बंद होंगी। इसके पूर्व जन अधिकार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि कहा कि सपा-बसपा से मोहब्बत कब तक करेंगे। आप सभी एकजुट होकर प्रदेश की भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का काम करें।
ओवैसी की जान बच जाए और डिप्टी एसपी को इंसाफ न मिले
तीनों जनसभाओं में एआईएमआईएम मुखिया असदउद्दीन ओवैसी ने पूर्व में जिले में घटित घटनाओं का भी जिक्र किया। लोगों को कुरेदते हुए कहा कि सुरक्षा लेने पर ओवैसी की जान बचाई जा सकती है, लेकिन डिप्टी एसपी को इंसाफ कैसे मिलेगा। सीएए को लेकर प्रदर्शन के दौरान जान गंवाने वालों को इंसाफ कैसे मिलेगा।
विश्वनाथगंज में कई साल पहले गाबी महुआबन में चुनाव मैदान में उतरे एक प्रत्याशी के प्रधान पिता ने अग्निकांड की घटना को अंजाम दिया था। उसे कैसे भूला जा सकता है। रानीगंज में ओवैसी ने सपा प्रत्याशी पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा वाले को सपा ने वाशिंग मशीन में धोने के बाद पाक साफ बताते हुए टिकट दे दिया। जबकि अभी भी उसके पहनावे संघ विचारधारा वाले ही हैं। ऐसे में सभी को इनसे बचना होगा।
मोदी के गृहमंत्री व सीएम अनमोल रत्न, अखिलेश भी किसी ने नहीं कम
एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदएद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी हमला बोला। कहा कि उनके कैबिनेट में 40 अनमोल रत्न हैं। जिसमें गृहमंत्री अमित शाह भी हैं।
वह बारहवीं की पढ़ाई करने वालों को इंटर में दाखिला दिलाते हैं। दूसरी ओर प्रदेश के बाबा मुख्यमंत्री हैं, जो जनवरी में गर्मी और जून में ठंडी का जिक्र कर रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी कम नहीं है। उनके एक वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि वह गलत कृत्य करने वालों के साथ हैं। ओवैसी ने मुगले आजम फिल्म के एक डॉयलाग आखिर दिल की बात जुबान पर आ ही गई का हवाला देते हुए अखिलेश पर तंज कसा।