सदर तहसील स्थित पूरेचंदू गांव के पास टूटे ट्रैक की तरफ दौड़ी आ रही काशी विश्वनाथ ट्रेन को हादसे से बचाने वाली श्यामा देवी के लिए रविवार का दिन खुशियों से भरा रहा। एसडीएम सदर जेपी मिश्र ने जहां उन्हें आवासीय जमीन के पट्टे का कागजात सौंपा वहीं अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से संपादक डॉ. सचिन शर्मा ने सिलाई मशीन भेंट की।
पिछले महीने जगेशरगंज रेलवे स्टेशन के पास पूरेचंदू गांव के पास टूटी पटरी देख श्यामा देवी लाल रंग की शाल लेकर ट्रैक पर खड़ी हो गई थी। जिसे देखकर चालक ने ट्रेन रोक दी थी। गांव की रहने वाली श्यामा देवी ने ट्रेन हादसे के साथ उसमें सवार हजारों यात्रियों की जान भी बचा ली।
हौसला व बुद्धिमत्ता पूर्ण कार्य करने वाली श्यामा देवी को अमर उजाला ने प्रमुखता से जगह दी तो चहुंओर उसकी सराहना होने लगी। बेहद गरीब परिवार की श्यामा देवी की मदद का अमर उजाला ने बीड़ा उठा लिया। प्रयास कर जिला प्रशासन से मदद कराई। अमर उजाला की पहल को देखते हुए डीएम अमृत त्रिपाठी, एलायंस क्लब अध्यक्ष रोशनलाल उमरवैश्य, कैबिनेट मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा, नगर पालिका अध्यक्ष हरिप्रताप सिंह, सांसद कुंवर हरिवंश सिंह आदि ने आर्थिक मदद के साथ सम्मानित किया। डीएम के निर्देश पर सदर एसडीएम जेपी मिश्र ने श्यामा देवी को आवासीय जमीन का पट्टा दिया। रविवार को यहां पहुंचे अमर उजाला इलाहाबाद के संपादक डॉ. सचिन शर्मा ने अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से एक सिलाई मशीन उपहार स्वरूप भेंट की और हौसला बढ़ाते हुए कहाकि वह खुद की तरह अपनी बहू को भी बुद्धिमान और हौसलामंद बनाएं। सदर एसडीएम ने इस अवसर पर उसे पट्टे का कागजात सौंपा।
अम्मा साहब ट्रस्ट की ओर से जारी पेंशनरों की सूची में श्यामा देवी का नाम रविवार को शामिल किया गया। पंद्रह नए लाभार्थियों की सूची ट्रस्ट ने तैयार की है। इसके तहत श्यामा देवी को हर महीने एक हजार रुपए की पेंशन मिलेगी। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. दयाराम मौर्य रत्न ने ट्रस्ट के कार्यों का बखान किया।