बेल्हा देवी मंदिर दर्शन पूजन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की दिक्कत को देखते हुए सोमवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर और सीओ सिटी ने अतिक्रमण हटवाया। इससे हड़कंप मच गया। दुकानदारों के छप्पर और टिनशेड हटने के बाद रोड पर बेरोकटोक वाहन फर्राटा भरने लगे।
उपजिलाधिकारी जेपी मिश्रा और सीओ सिटी एमपी सलोनिया दोपहर बाद दलबल के साथ बेल्हा देवी मंदिर पहुंचे। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही अधिकारियों ने सड़क पर कब्जा करने वाले दुकानदारों को अवैध कब्जा हटाने का आदेश दिया। इस पर दुकानदार दुकानों के बाहर तक फैले सामान समेटने लगे। कुछ दुकानदार मोहलत मांगते रहे, लेकिन अधिकारी सुनने को राजी नहीं थे। इसके चलते दुकानदारों को टिनशेड, छप्पर और तख्त पर सजे सामान हटाने पड़े।
एसडीएम ने चेताया कि सड़क पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि अब किसी ने अतिक्रमण करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं मुख्य खाद्य निरीक्षक ने कई दुकानों से खाद्य सामग्री का सेंपल भी लिया।