पिछली बार की तरह इस बार भी यूपीपीएससी ने बेल्हा के प्रतियोगियों को झटका दे दिया है। लोअर सबार्डिनेट परीक्षा का सेंटर दूर बनाए जाने से परीक्षार्थी परेशान हो गए हैं। अभ्यर्थियों में आक्रोश है। तमाम अभ्यर्थियों ने परीक्षा न देने का निर्णय लिया है।
प्रतियोगी छात्र-छात्राओं ने लोअर सबार्डिनेट प्री परीक्षा के लिए आवेदन किया था। इसकी परीक्षा 17 जनवरी को होनी है। बेल्हा के अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि परीक्षा केंद्र इलाहाबाद में बनाया जाएगा, लेकिन यूपीपीएससी ने पिछली बार की तरह इस बार भी सेंटर इलाहाबाद के बजाए कानपुर बना दिया है। दूर सेंटर बनाए जाने से अभ्यर्थी परेशान हो गए हैं। उनका कहना है कि परीक्षा केंद्र नजदीक होना चाहिए।
जिससे अभ्यर्थी आसानी से पहुंच सकें। साथ ही कई अभ्यर्थियों का सेंटर ग्रामीण इलाकोें में बना दिया जाता है। इससे आवास, भोजन व आवागमन में परेशानी होती है। ऐसे में बेरोजगार अभ्यर्थियों पर खर्च बढ़ जाता है। दूर सेंटर बनाए जाने से नाराज कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा न देने का निर्णय लिया है।