संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके के लोग हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर कोतवाली के कटराइंद्रकुंवर पूरे गोपाली निवासी आलोक मिश्रा का पत्नी रितिका मिश्रा (27) से शनिवार को रुपये को लेकर विवाद हो गया था। आलोक ने नागपंचमी पर आयोजित लंबी कूद में सफल युवाओं को इनाम दे दिया था। जिसे लेकर उनके बीच तकरार हुई थी।
शनिवार को आलोक किसी काम से कटरामेदनीगंज की ओर गया। इसी बीच रितिका ने घर के दूसरे तल पर पहुंचकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद परिवार के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो वह बिलखने लगे। सूचना मिलने पर मायके से भी लोग आ गए। वह रितिका की हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर शहर कोतवाल व सीओ सिटी अभय पांडेय मौके पर पहुंचे। परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
दिनदहाड़े गैस डिलीवरी वैन को लूटने की कोशिश
बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गैस सिलिंडर डिलीवरी वैन को लूटने की कोशिश की। लूट में नाकाम बदमाशों ने वैन पर गोलियां चलाईं। हालांकि घटना के दौरान कर्मचारी के पास रहे 50 हजार रुपये बदमाश नहीं ले जा सके। आसपास के लोगों के दौड़ने पर बदमाश भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। घटनास्थल पर पहुंचे एसपी पुलिस टीम के साथ बदमाशों की खोजबीन में लगे रहे।
नगर कोतवाली के अष्टभुजा नगर स्थित शिवम गैस एजेंसी के कर्मचारी ओमप्रकाश व अरुण मिश्रा रविवार को डिलीवरी वैन लेकर शमशेरगंज की ओर गए थे। रविवार दोपहर करीब दो बजे 70 सिलिंडर की बिक्री के 50 हजार रुपये लेकर कर्मचारी शहर स्थित गोदाम लौट रहे थे। जेठवारा थाना के बढ़नी जंगल के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश पीछे से ओवरटेक कर वाहन रोकने का प्रयास करने लगे।
बदमाशों की मंशा भांपकर डिलीवरी वैन के चालक ने स्पीड बढ़ा दी। यह देख बदमाश वैन पर फायरिंग करने लगे। बदमाशों की फायरिंग के दौरान एक बुलेट वैन में फंस गई। चालक ने बढ़नी मोड़ पर आकर गाड़ी रोकी और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी।
लूट के प्रयास की खबर मिलते ही पुलिसकर्मी अफसरों को जानकारी देने के बाद बदमाशों की तलाश में शमशेरगंज की ओर भागे। डिलीवरी वैन को लूटने की कोशिश की खबर मिलते ही जेठवारा थानाध्यक्ष और सीओ सदर तनु उपाध्याय मौके पर पहुंचीं। कुछ देर बाद एएसपी पश्चिमी दिनेश कुमार भी पहुंच गए। कर्मचारियों से पूछताछ के बाद बदमाशों का हुलिया पता करने के बाद पुलिस टीमें उनकी तलाश में निकल पड़ीं।
इसके पहले भी बदमाश गैस गोदाम के कैशियर को गोली मार रुपये लूट चुके हैं। कुछ देर बाद एसपी अभिषेक सिंह भी मौके पर पहुंचे। उस मार्ग पर लगे सीसीटीवी खंगाले जाने लगे, जहां सिलिंडर की बिक्री कर्मचारी करते हैं। एएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि बदमाशों की खोजबीन की जा रही है।