शादी की सालगिरह न मनाने पर बहू ने सास और पति का सिर फोड़ दिया। पुलिस ने मां-बेटे का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
शहर के करनपुर मोहल्ला निवासी सलमा का बेटा अनीस बिजली मिस्त्री का काम करता है। बीते सोमवार को अनीस की शादी की सालगिरह थी। आरोप है कि पत्नी सालगिरह मनाने की जिद करने लगी।
बात न मानने पर नाराज पत्नी ने सास के सिर पर चूल्हे की लकड़ी से हमला कर दिया। बीच बचाव करने पहुंचे पति अनीस की भी पिटाई कर दी। सलमा के सिर पर गंभीर चोट आने से उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
उपचार के बाद शुक्रवार को मां-बेटे सिविल लाइंस चौकी पहुंचे। पुलिस ने शिकायत सुनने के बाद दोनों का मेडिकल कराया। सास सलमा ने बहू के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल सुभाष यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।