अव्यवस्थाओं के बीच पांच दिवसीय शीतला सप्तमी मेले की शुरुआत हो गई। सड़कों पर कीचड़, गिट्टी के साथ ही बिजली-पानी की व्यवस्था नदारद है। बतौर मुख्य अतिथि बाबागंज विधायक विनोद सरोज ने मेले का शुभारंभ ज्वालादेवी मंदिर में पूजन और दीप जलाकर किया।
मानिकपुर स्थित गंगा घाट और ज्वाला देवी मंदिर में शीतला सप्तमी का पंाच दिवसीय मेला लगता है। इसमें दूर दराज के लोग मेला देखने, गंगा स्नान करके मां ज्वाला देवी का दर्शन करने पहुंचते हैं। मेले में भारी भीड़ होती है। प्रशासन और मेला समिति की बैठक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए हुई थी। इसके बावजूद बिजली, पानी, सड़क आदि समस्याएं जस की तस हैं। शुक्रवार से मेले की शुरुआत हो गई। विधायक विनोद सरोज ने कहा कि यह ऐतिहासिक स्थल है। यहां लगने वाले मेले की व्यवस्था राजा भैया परिवार की तरफ से देखी जाएगी। यदि कहीं अव्यवस्था होती है तो उसका भी निदान कराया जाएगा। राजा भैया प्रतिनिधि हरिओम शंकर श्रीवास्तव ने कहा कि मेले में लोगों को असुविधा नहीं होने पाएगी। वहीं मंदिर के ट्रस्ट सचिव डा.विजय यादव ने लोगों को मेले की ऐतिहासिकता के बारे में बताया।