आसपुर देवसरा के अमरगढ़ बाजार में मेडिकल स्टोर की जांच करते ड्रग इंस्पेक्टर।
- फोटो : PRATAPGARH
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के अमरगढ़ बाजार में बगैर लाइसेंस के चल रहा मेडिकल स्टोर ड्रग्स विभाग के अधिकारियों ने सील कर दिया। दुकान के अंदर रखीं करीब 55 हजार की दवाएं जब्त कर लीं। मेडिकल स्टोर संचालक को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
अमरगढ़ बाजार के चौक में विजय बहादुर पाल मेडिकल स्टोर का संचालन करते थे। शनिवार को ड्रग इंसपेक्टर राहुल कुमार ने टीम के साथ उनकी दुकान पर छापामारी की। इस दौरान वह मेडिकल स्टोर का लाइसेंस नहीं दिखा सके। जिस पर टीम ने मेडिकल स्टोर को सील करने के साथ ही अंदर रखीं करीब 55 हजार की दवाएं जब्त कर लीं। संचालक विजय बहादुर पाल को मामले नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।