प्रतापगढ़। जिला कारागार में निरुद्ध एक बंदी के पास तलाशी के दौरान मोबाइल बरामद हुआ। जिसे बंदी रक्षक ने अपने पास रख लिया। मोबाइल बरामद होने का भेद खुला तो बंदी रक्षक ने कार्यालय में जमा करा दिया। जेलर ने बंदी के खिलाफ जेल अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
जिला कारागार की बैरक नंबर तीन में 26 जनवरी की शाम बंदियों की तलाशी ली जा रही थी। जेल के हेडवार्डर और बंदी रक्षक शिव कुमार मौर्य बंदियों की तलाशी ले रहे थे। इस बीच बैरक नंबर तीन में निरुद्ध बंदी बंटी उर्फ रवि प्रताप सिंह के पास मोबाइल बरामद हुआ। जिसे बंदी रक्षक ने अपने कब्जे में ले लिया। बरामद मोबाइल को कार्यालय में जमा कराने के बजाय बंदी रक्षक ने अपने पास रख लिया। इस बात की जानकारी दूसरे दिन हेडवार्डर राकेश तिवारी ने जेल अधीक्षक को दी। जेल अधीक्षक ने बंदी रक्षक को तलब कर जमकर फटकार लगाई। इसके बाद बंदी रक्षक बंटी के पास मिले मोबाइल को कार्यालय में जमा कराया। इस मामले में जेलर एके सिंह की तहरीर पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। अभी कुछ दिन पहले ही जेल प्रशासन ने दूसरे बंदी शत्रुघभन के पास से अलग-अलग तिथियों में बरामद मोबाइल के मामले में भी मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मुकदमे की विवेचना कर रही है।
बंदी के पास मिले मोबाइल को छिपाने के आरोपी बंदीरक्षक शिवकुमार मौर्य के ऊपर कार्रवाई होगी। इस मामले में जेल अधीक्षक ने जांच बैठा दी है। डिप्टी जेलर से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद बंदीरक्षक पर कार्रवाई होनी तय है। जेल अधीक्षक आरके त्रिपाठी ने बताया कि बंदी के पास मिले मोबाइल को गायब करने की मंशा रखने वाले बंदीरक्षक पर जल्द ही कार्रवाई होगी।