जामताली। एटीएम के शातिरों ने मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर दिया। इस बात की जानकारी पीड़ित को पांच दिन बाद हो सकी। खाते से 1.5 लाख रुपये गायब देख पीड़ित बैंक में ही गश खा गया। उसने पुलिस से शिकायत की है।
फतनपुर थाना क्षेत्र के छानापार निवासी मोहम्मद नासिर 8 दिसंबर को रानीगंज स्थित एटीएम से रुपये निकालने गया था। इस बीच उसे झांसा देकर बगल खड़े युवक ने एटीएम बदल लिया। एटीएम में खराबी की वजह से रुपया न निकलने की बात समझकर नासिर घर लौट गया। बुधवार को वह फिर एटीएम में रुपये निकालने गया। उसे पता चला कि उसका एटीएम बदल गया है। इसके बाद वह सीधे जौनपुर स्थित अपनी बैंक पहुंचा। जहां एटीएम के बारे में जानकारी करने के बाद खाते की रकम चेक कराने लगा। जब उसे पता चला कि उसके खाते से 1 लाख पांच हजार पांच सौ रुपये निकल गए हैं तो वह बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने उसे संभाला। छानबीन में पता चला कि पांच दिन के भीतर रुपये निकाले गए हैं और खरीदारी भी की गई है। मेहनत की कमाई लुटने के बाद नासिर रानीगंज थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। वह एटीएम के सीसीटीवी की तलाश में जुटा रहा। एसओ रानीगंज ने बताया कि तहरीर मिली है। आगे छानबीन के बाद कार्रवाई की जाएगी।