जयमाल का कार्यक्रम होने के बाद दहेज में बाइक की मांग न पूरी होने पर दूल्हेराजा ने शादी करने से इनकार कर दिया था। गुस्साए कन्या पक्ष के लोगों ने दूल्हे और उसके पिता को बंधक बनाकर पुलिस बुला ली। मानधाता पुलिस दूल्हे व उसके पिता को थाने लेकर चली गई थी। अब इस मामले में कन्या के पिता की तहरीर पर दूल्हे सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज मांगने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। हालांकि इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को छोड़ भी दिया है।
मानधाता थाना क्षेत्र के पुरैली गांव निवासी भारत लाल ने अपनी बेटी की शादी फतनपुर थाना के रामापुर चंदीपुर के रहने वाले उदयराज पुत्र देवमणि के साथ तय की थी। गुरुवार शाम को देवमणि बेटे की बारात लेकर पुरैली गांव पहुंचा। बारातियों का स्वागत करने के साथ भारत लाल ने उन्हें खाना खिलाया। इसके बाद जयमाल का कार्यक्रम हुआ। जब शादी करने की बारी आई तो दूल्हा उदयराज दहेज में बाइक की मांग करने लगा। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। बात इस कदर बिगड़ गई कि दोनों पक्ष में मारपीट की नौबत आ गई। गुस्साए कन्या पक्ष के लोगों ने दूल्हा और उसके पिता देवमणि को बंधक बना लिया। इस पर बाराती लौट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हा व उसके पिता को थाने लेकर चली गई। शनिवार को कन्या के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हे व उसके पिता सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ मानधाता ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज हो गई है। दूल्हे व उसके पिता को घर भेज दिया गया है। अभी दोनों पक्ष समझौता करने में लगे हैं। समझौता नहीं करते हैं तो गिरफ्तार करके आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।