रानीगंज इलाके में एक विवाहिता के साथ किराए का मकान दिलाने के बहाने तीन लोगों ने गैंगरेप किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया। जबकि तीसरा आरोपी फरार है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ रानीगंज ने पीड़िता के साथ घटनास्थल का जायजा लेने के बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।
रानीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता का पति परदेस में रहता है। ससुरालीजनों से विवाद के चलते विवाहिता किराए पर कमरा लेकर रानीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में रहती है। वह रामापुर बाजार के करीब किराए पर कमरा खोज रही थी।
आरोप है कि बुधवार की रात उसे कमरा देखने के लिए रामापुरा निवासी संगमलाल उर्फ लाला पुत्र उमेशचंद्र ऊमरवैश्य ने बुलाया था। रात करीब नौ बजे वह बाजार स्थित पेट्रोलपंप के करीब कमरा देखने पहुंची। जहां पहले से मौजूद संगमलाल उर्फ लाला निवासी रामापुर और दिनेश पुत्र गोविंद दास निवासी रामापुर व एक अन्य व्यक्ति ने सुनसान मकान में उसे दबोच लिया। उसके साथ लाला व दिनेश ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
तीसरे युवक ने उसका मुंह दबोच रखा था। उनके चंगुल से छूटने के बाद उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने रात में ही उसकी तहरीर पर दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ रानीगंज ने आरोपी संगमलाल उर्फ लाला व दिनेश को दबोच लिया। अज्ञात की तलाश में पुलिस लगी रही। सीओ रानीगंज डा. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा जा रहा है। घटना की गहराई से छानबीन की जा रही है।
बेची गई जमीन के रुपये को लेकर तो नहीं रची गई साजिश
फतनपुर के रामापुर बाजार में कुछ लोगों ने बुधवार को जमीन की खरीद-फरोख्त की थी। जमीन बेचने वाले के परिवार का एक सदस्य खरीदने वालों से रुपये की मांग कर रहा था। उसने रुपये देने से इनकार कर दिया। बाजारवासियों के अनुसार रुपये न मिलने पर व्यापारियों को सामूहिक दुष्कर्म में फंसाने की साजिश रची गई। पुलिस ने दोनों को घरों से गिरफ्तार किया। दोनों अपना घर व दुकान छोड़कर कहीं नहीं गए थे। फिलहाल पुलिस छानबीन कर रही है।
उठ रहा सवाल रात में कमरा देखने की नौबत कहां से आई
फतनपुर के रामापुर बाजार में विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर इलाके में खासी चर्चा है। रात में घटित घटना किसी के समझ में नहीं आ रही। लोग सवाल कर रहे हैं कि कमरा दिन में देखा जाता है। ऐसी कौन सी नौबत आ गई जिसके चलते रात में कमरा देखने जाना पड़ा। महिला जिसके साथ रामापुर बाजार बाइक से आई थी, उसे आखिर क्यों साथ नहीं लाई। पुलिस हर बिंदुओं पर जांच करते हुए बाजार में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।
सर्पदंश से बालिका की मौत
सर्पदंश से बालिका की मौत हो गई। जिससे घर में कोहराम मचा रहा। पट्टी कोतवाली के मुजाही निवासी हरिकेश की सात वर्षीय बेटी दीक्षा सात माह पहले अपनी मां के साथ ननिहाल शेषपुर अठगवां राम आसरे गौतम के यहां आई थी। बुधवार की रात वह घर के बच्चों के साथ पढ़ रही थी। जैसे ही वह चारपाई के नीचे उतरी कि उसे जहरीले सर्प ने डस लिया। परिजन उसे इलाज के लिए लेकर अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। परिजन रोते बिलखते हुए शव लेकर घर लौट गए। खबर मिलने पर परिवार के लोग भी मुजाही से आ गए।